ड्यूटी से नदारद रहने वाले मस्तूरी केंद्र के 8 कर्मचारियों का कटेगा एक दिन का वेतन
कायाकल्प योजना के तहत तैयार किए जा रहे स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति का जायजा लेने सोमवार को सीएमएचओ ने औचक निरीक्षण किया। मस्तूरी स्वास्थ्य केंद्र के 8 अधिकारी व कर्मचारी इस दौरान गायब पाए गए। इन सभी का वेतन काटने का निर्देश जारी किया गया है। स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता व अन्य मूलभूत सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए कायाकल्प अवार्ड योजना सरकार द्वारा चलाई जा रही है। मस्तूरी स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को सीएमएचओ डाॅ. प्रमोद महाजन पहुंचे तो पता चला कि 8 अधिकारी-कर्मचारी बिना उचित कारण के ही गायब हैं। चिकित्सा अधिकारी डाॅ. प्रदीप घोष को बुलाया गया तो वह भी कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सके। सीएमएचओ डाॅ. महाजन ने विकास खंड कार्यक्रम अधिकारी मनीषा अवस्थी, लेखा अधिकारी संजय सिंह, बीडीईओ यशपाल नेताम,एएमओ डाॅ. अभिषेक पवार, दंत चिकित्सक डाॅ. शालिनी अग्रवाल, एएनएम किरण गाेटा व सरिता साहू तथा सुशील कुमार का वेतन काटने का निर्देश जारी किया।