पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अमरजीत के नाम दोहरा खिताब, 50+ व शशांक के साथ 60+ में डबल्स जीते

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ के टेनिस खिलाड़ी अमरजीत चड्डा और शशांक शाह की जोड़ी ने इंटरनेशनल चैंपियनशिप में 60 प्लस डबल्स का खिताब जीत लिया है। छत्तीसगढ़ टेनिस संघ की मेजबानी में वीआईपी क्लब में हुए टूर्नामेंट में 60 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें शुक्रवार को मेंस डबल्स कैटेगरी के फाइनल मुकाबले हुए। 60 प्लस डबल्स में अमरजीत चड्‌डा-शशांक की जोड़ी ने इंडिया की ओर से खेलते हुए दीपक-टीएस गंभीर को सीधे सेट में 6-0, 6-3 से शिकस्त देकर गोल्ड अपने नाम किया।
वहीं, 50 प्लस डबल्स कैटेगरी में अमरजीत-एसबी शर्मा की जोड़ी ने अनुज शाह और राहुल को 2-1 से हराया। पहला सेट अनुज-राहुल ने 7-5 से जीतकर अच्छी शुरुआत की। लेकिन इसके बाद अमरजीत और एसबी शर्मा ने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो सेट 7-5, 10-6 से जीतकर दोहरा खिताब हासिल किया।

55+ कैटेगरी में कुलदीप और संजय ने तीन सेट में जीता मैच

55 प्लस डबल्स कैटेगरी के फाइनल मुकाबले में कुलदीप सिंह और संजय कुमार की जोड़ी का मुकाबला एसबी शर्मा-राजेश पाटिल से हुआ। जिसे कुलदीप और संजय की जोड़ी ने 2-1 से जीत लिया। पहला सेट एसबी शर्मा-राजेश पाटिल ने 6-2 से जीतकर संजय-कुलदीप पर दबाव बना लिया था। लेकिन इसके बाद संजय-कुलदीप ने शर्मा और राजेश को बढ़त बनाने का कोई मौका नहीं दिया और 6-4, 10-5 से मुकाबला जीत हासिल कर 55 प्लस डबल्स कैटेगरी का खिताब अपने नाम किया।

35+ डबल्स में विनोद और रोहन की जोड़ी चैंपियन

35 प्लस डबल्स कैटेगरी के फाइनल मुकाबले में विनोद श्रीधर-रोहन नारायण की जोडी ने रविंद्रनाथ पांडेय और फरीद उस्मानी की जोड़ी को सीधे सेट में 6-2, 6-2 से हराकर चैंपियनशिप हासिल की। वहीं, 45 प्लस डबल्स कैटेगरी में सुनील-राहुल व्यास ने नेल्सन जतिन कुमार और नवीन अग्रवाल को तीन सेट में 7-6(5), 2-6, 10-7 से शिकस्त दी।

मुकाबला जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ अमरजीत(बांए) और शशांक शाह।

कोरोना इफैक्ट: 20 अप्रैल तक सभी टूर्नामेंट हुए रद्द

इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन ने 20 अप्रैल तक कोई भी आईटीएफ टूर्नामेंट नहीं कराने का फैसला किया है। कोरोना वायरस के खतरे को मद्देनजर रखते हुए अब सीनियर, जूनियर, सब जूनियर कैटेगरी में कोई भी टूर्नामेंट नहीं कराए जाएंगे। इसका सीधा असर छत्तीसगढ़ पर पड़ा है। छत्तीसगढ़ टेनिस संघ की मेजबानी में 23 से 28 मार्च तक रायपुर में आईटीएफ जूनियर चैंपियनशिप होने थे। लेकिन अब आगामी आदेश तक के लिए आएटा ने इसे स्थगित कर दिया गया है।
खबरें और भी हैं...