युवक की हत्या का प्रयास, साधारण विवाद पर तलवार से किया हमला
होली की शाम घर के बाहर बैठे युवक से दूसरे युवक ने विवाद शुरू कर दिया। उसने गाली गलौज की। मना करने पर तलवार से उसपर जानलेवा हमला कर दिया। घटना सरकंडा क्षेत्र की है। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास के धारा के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। मोपका बजरंग चौक निवासी सुखनंदन साहू पिता मकरू राम साहू 30 वर्ष बिजली का काम करता है। 10 मार्च की शाम करीब 6 बजे वह अपने घर के पास अपने बड़े भाई विश्वनाथ साहू, दोस्त विजय साहू और मदन साहू के साथ बैठा था। उसी समय लिंगियाडीह निवासी दुर्गेश ऊर्फ धुम्मु सोनखरे आया और वहां बैठने पर एतराज जताने लगा। उसने गालियां देना शुरू कर दीं। मना करने पर जान से मारने की नीयत से तलवार से हमला कर दिया। उसने सुखनंदन के सिर पर वार किया। वह जान बचाने के लिए अपने हाथ से तलवार के वार को रोका। कोहनी के पास तलवार से चोट लगी। इससे वह घायल हो गया। वह किसी तरह वहां से जान बचाकर भागा और थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।