बिलासपुर अमन-चैन का शहर: बघेल
सार्वजनिक व निजी कार्यक्रमों में शहर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अरपा के विकास के लिए रुपए की कमी नहीं होने देने, नए जुड़े वार्डों के लिए बजट आवंटित करने की बात कही। रविवार को उसकी देन कमेटी के कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बिलासपुर अमन-चैन का शहर है। देश के अन्य इलाकों में जो घट रहा है उसका असर यहां नहीं दिख रहा है। बजट में किसानों को तोहफा दिया है। उसका असर बिलासपुर के बाजार में दिखेगा। अरपा मेरी प्राथमिकता में, जितने भी रुपए की जरूरत होगी, देंगे। अंबेडकर स्कूल परिसर में उसकी देन कमेटी ने निगम महापौर, सभापति और जिला पंचायत अध्यक्ष के सम्मान में समारोह आयोजित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जीत के लिए मेयर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, सभापति शेख नजीरुद्दीन और प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव को बधाई देते हैं। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने की जबकि विधायक शैलेश पांडेय, विधायक रश्मि सिंह विशिष्ट अतिथि थे। इस दौरान गय्यूर हुसैन, अनवारूल कदीर, अबरार बाबा, पीर बक्श, आरिफ भाई, मोहम्मद निसार, मोहम्मद सलीम के साथ ही उसकी देन कमेटी के पदाधिकारी मौजूद थे।
बिलासपुर में नए जुड़े वार्डों के लिए बजट आवंटन करेंगे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नए जुड़े वार्डों के लिए बजट आवंटन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अरपा के लिए रुपए की कमी नहीं होने दी जाएगी क्योंकि यह यहां के लोगों की भावनाओं से जुड़ी है। रविवार को शहर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मेयर रामशरण यादव के निवास पर पत्रकारों से चर्चा की। मुख्यमंत्री को बताया गया कि प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू यहां डीएमएफटी की बैठक लेने आए थे। उनसे बिलासपुर में नए जुड़े वार्डों में पेयजल के लिए मेयर रामशरण यादव व विधायक शैलेश पांडेय ने बोरवेल्स के लिए रुपए स्वीकृत करने की मांग की। तब उन्होंने डीएमएफटी के गाइड लाइन देखने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने क्या कहा नहीं पता पर अब उनसे बात करेंगे। यहां पेयजल की कमी नहीं होने दी जाएगी। बिलासपुर में नए जुड़े वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के लिए बजट आवंटित किया जाएगा।
मेयर यादव के घर पर कार्यकर्ताओं से मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल निजी कार्यक्रमों में शामिल होने रविवार की शाम को हेलीकॉप्टर से एसईसीएल हेलीपेड पहुंचे। यहां वे मेयर रामशरण यादव के घर पर फाग मंडली का साथ देते झुनझुना भी बजाया। वहीं मेयर के परिवार, पार्टी कार्यकर्ताओं व यादव समाज के लोगों से मिले। वहीं नगर निगम कमिश्नर प्रभाकर पांडेय के भी घर गए। वे रात छत्तीसगढ़ भवन में विश्राम कर 9 मार्च को सुबह 10 बजे एसईसीएल हेलीपेड से हेलीकाप्टर द्वारा प्रस्थान कर 10.40 बजे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पूर्वान्ह 10.45 बजे से दोपहर 1 बजे तक अमरकंटक में मंदिर दर्शन एवं स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। 2.30 बजे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक से हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर 3 बजे रतनपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री 3.10 बजे से 3.40 बजे तक मंदिर दर्शन व स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। 3.45 बजे रतनपुर से हेलीकाप्टर से रायपुर जाएंगे।
फ्री होल्ड योजना में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
होगी **
उसकी देन कमेटी के सम्मान समारोह में लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री भूपेश बघेल।
पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने फ्री होल्ड योजना पर कहा कि स्कूल, अस्पताल जैसे सार्वजनिक उपयोग के जमीन को छोड़कर ही बाकी जमीन को विक्रय करने की बात कही गई है। कीमती जमीन खाली है और उस पर बेजा-कब्जा हो रहा है, उसके लिए यह योजना है। नगर निगम व जिला प्रशासन को जरूर जमीन उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाएगा। बाद में कब्जा कर जमीन सरकारी प्रक्रिया से लेने की कोशिश के सवाल पर कहा कि यदि ऐसा है तो अधिकारी और ऐसी कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में लिंगानुपात राष्ट्रीय औसत से भी अच्छा है। खासकर आदिवासी अंचल में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक है।