छत्तीसगढ़ कबड्डी प्रीमियर लीग का सेलेक्शन ट्रायल बिलासपुर में 15 व 16 मार्च को होगा
छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ और बिलासपुर जिला कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग-6 का आयोजन अप्रैल माह में होना है। इसके लिए राज्य भर से खिलाड़ियों का ट्रायल होना है। यह ट्रायल बिलासपुर के चिंगराजपारा स्थित कबड्डी मैदान में 15 व 16 मार्च को होगा। इसमें राज्य भर के खिलाड़ी पंजीयन कराके भाग ले सकते हैं।
जिला कबड्डी संघ बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ. बसंत अंचल ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग के आयोजन की घोषणा हो चुकी है। इस बार नियमों में बदलाव किया गया है। पारदर्शिता बनाने के लिए इस बार राज्य के सभी खिलाड़ियों से ट्रायल में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस ट्रायल में कोई भी कबड्डी खिलाड़ी भाग ले सकता है। इसके लिए खिलाड़ी को छत्तीसगढ़ कबड्डी प्रीमियर लीग कार्यालय में पंजीयन कराना होगा। साथ ही ट्रायल के दौरान विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों को अपने जिले के अध्यक्ष या सचिव किसी एक से खेलने की अनुमति पत्र लाना अनिवार्य है। प्रीमियर लीग पुरुष वर्ग का आयोजन बिलासपुर में अप्रैल में होगा। वहीं महिला वर्ग का आयोजन बिलासपुर के रतनपुर में होगा। दोनों वर्गों में 6-6 टीमों के लिए 72-72 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन सभी टीमों में 1 कोच और 1 मैनेजर होंगे। छत्तीसगढ़ कबड्डी प्रीमियर लीग का यह 6 सीजन है। पुरुष वर्ग में प्रथम को 1 लाख व ट्रॉफी, द्वितीय को 50 हजार व ट्रॉफी, तृतीय को 31 हजार व ट्रॉफी व चतुर्थ को 21 हजार व ट्रॉफी दिया जाएगा। इसके अलावे बेस्ट रेडर, फेस्ट कैचर, बेस्ट कॉर्नर, बेस्ट सेंटर, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के व्यक्तिगत इनाम भी दिए जाएंगे। प्रत्येक मैच के श्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुने जाएंगे। यह आयोजन राज्य के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कराया जा रहा है।