बिजली विभाग की क्लर्क ने 1.9 करोड़ का घोटाला किया
बिलासपुर | उपभोक्ताओं से बिजली बिल वसूलने के बाद बिजली विभाग की महिला क्लर्क फर्जी लेजर में एंट्री कर रकम गबन देती थी। शिकायत की जांच पर 1 करोड़ 9 लाख 70 हजार 129 रुपए के गबन का पता चला। शिकायत पर पुलिस ने महिला क्लर्क के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर लिया है। मामला सिटी सर्किल के पश्चिम डिविजन के अंतर्गत नेहरु नगर जोन का है। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई थी। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड के सहायक अभियंता अनुपम सरकार 50 वर्ष ने बताया कि पश्चिम डिवीजन दफ्तर में कार्यालय सहायक श्रेणी 3 के पद पर पदस्थ प्राप्ति राय भगत को नेहरू नगर जोन कार्यालय में अटैच किया गया था। उपभोक्ताओं से बिजली बिल की राशि वसूली, पर इसे कंपनी में जमा ही नहीं किया। बल्कि दूसरे कर्मचारियों की आईडी से राशि जमा होने की फर्जी पोस्टिंग कर दी। इससे बिजली बिल की रकम कंपनी के खाते में जमा तो नजर आ रहा था पर यह राशि एकाउंट में जमा ही नहीं हुई। उसने 1.9 करोड़ से अधिक का का गबन किया है। पुलिस ने महिला क्लर्क के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर लिया है।