कलेक्टर ने रात में किया छात्रावासों का निरीक्षण चार अनुपस्थित अधीक्षकों को थमाया नोटिस
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही की कलेक्टर कलेक्टर शिखा राजपूत तिवारी ने एसडीएम मयंक चतुर्वेदी के साथ गुरुवार रात जिले के छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान 4 अधीक्षक कर्तव्य से अनुपस्थित मिले, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं एक मंडल संयोजक को भी लगातार अनुपस्थित रहने पर नोटिस दिया है।
कलेक्टर शिखा राजपूत तिवारी ने प्री मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास धोबहर का निरीक्षण किया। जहां अधीक्षक हिमांशु दुबे अनुपस्थित मिले। इसके बाद उन्होंने प्री मैट्रिक अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास धोबहर का निरीक्षण किया तो वहां पदस्थ अधीक्षिका रचना गुप्ता गायब थीं। इसी तरह प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास ज्योतिपुर गौरेला की अधीक्षिका कुसुम पैकरा एवं प्री मैट्रिक अनुसूचित जनजाति छात्रावास ज्योतिपुर गौरेला की अधीक्षिका क्लारेस लीना जोसफ आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाई गईं। जिसके बाद नाराज कलेक्टर ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिसमें लिखा है कि 12 मार्च की रात्रि को छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण के दौरान आप बिना किसी पूर्व सूचना के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। छात्रावासों और आश्रमों में शासन के सुरक्षा संबंधी दिशानिर्देश के बाद भी अनुपस्थित रहने पर दो वेतनवृद्धि रोकने की बात कही गई।
छात्राओं से कहा- मन लगाकर पढ़ाई करें और स्वच्छता का ध्यान रखें
कलेक्टर ने छात्रावास आश्रमों के निरीक्षण के दौरान छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को कोरोना वायरस से बचाव के संदर्भ में जानकारी दी। व्यक्तिगत स्वच्छता को अपने जीवन का एक अभिन्न अंग बनाने के साथ ही सामुदायिक स्वच्छता में भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने छात्रावासों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छात्रावास में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के साथ साथ बच्चों को मीनू चार्ट के अनुसार गुणवत्तायुक्त भोजन और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बच्चों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान पेण्ड्रारोड के एसडीएम मयंक चतुर्वेदी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
छात्राओं को स्वच्छता और कोरोना वायरस से बचाव के संबंध में दी जानकारी
रात में छात्रावास का निरीक्षण करने के लिए पहुंचीं कलेक्टर।
लंबे समय से अनुपस्थित
हैं मंडल संयोजक
कलेक्टर ने मंडल संयोजक मरवाही विकासखंड सुरेश कुमार देवांगन को लंबे समय से अनधिकृत रूप से कार्यस्थल में अनुपस्थित रहने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने कहा है कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतता हुआ पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।