राशन दुकान से चावल नहीं देने और दुर्व्यवहार करने की शिकायत
चकरभाठा|जिले के बिल्हा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत धमनी के स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में गड़बड़ी की लोगों ने शिकायत की है। लोगों ने बताया कि शासन द्वारा चलाई जा रही छत्तीसगढ़ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत चावल देने की योजना के लाभ से उन्हें वंचित किया जा रहा है। जिसे रोकने के साथ ही साथ योजनाओं को सही तरीके से क्रियान्वयन करने में खाद्य विभाग के अधिकारी नाकाम साबित हो रहे हैं। उचित मूल्य की दुकान के संचालक से काफी समय से ग्रामीण परेशान हैं। लोगों का कहना है कि वह अपनी मनमानी पर राशन वितरण करता है। हितग्राहियों को तय कीमत से अधिक दाम पर राशन दिया जा रहा है। यहां रखा चावल को जमीन पर बिखरा दिया गया और कुछ लोग उसे पैरों तले रौंदते दिखाई दिए। वहीं सेल्समैन ने हितग्राहियों का राशन कार्ड अपने पास जमा करा लिया और दुकान बंद कर घर चला गया। हितग्राही कई घंटे तक उसके आने का इंतजार करते रहे। इस संबंध में खाद्य अधिकारी विनीता दास का कहना है कि अभी तक उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।