सीयू : दो महीने बाद भी पीएचडी काेर्स वर्क का रिजल्ट घोषित नहीं
सेंट्रल यूनिवर्सिटी परीक्षा के दो महीने बाद भी पीएचडी कोर्स का रिजल्ट जारी नहीं कर पाई है। रिजल्ट जारी नहीं होने के कारण डीआरसी नहीं हो पा रही है। इस कारण पीएचडी का समय बढ़ेगा। वहीं रिजल्ट जारी नहीं होने के कारण शोधार्थियों को प्रति महीने मिलने वाली 8 हजार रुपए शोधवृत्ति भी नहीं मिल रही है। इस कारण शोधार्थी भी परेशान हैं। इसको लेकर अभाविप ने कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा है। शोधार्थियों का कहना है कि फेल होने वाले शोधार्थियों को एक और मौका दिया जाता है, एेसे में शोधवृत्ति यूनिवर्सिटी क्यों रोककर रखी है। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सत्र 2018-19 के शोधार्थियों के काेर्स वर्क की परीक्षा दिसंबर 2019 में हुई थी। परीक्षा के बाद अभी तक यूनिवर्सिटी का परीक्षा विभाग रिजल्ट जारी नहीं कर पाया है। रिजल्ट के साथ-साथ इन शोधार्थियों को प्रति महीने मिलने वाले पैसे भी नहीं मिल रहे हैं।