रोड के बीच से 40-40 फीट तक हटाया अतिक्रमण, व्यापारियों ने खुद हटाए कब्जे
नगर में पूरी तरह से चरमरा चुकी यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए एक बार फिर से प्रशासन के निर्देश पर नगर पंचायत की ओर से शनिवार को अतिक्रमण हटाया गया। हालांकि अधिकांश व्यापारियों ने खुद कब्जा हटा लिया। वहीं जनप्रतिनिधियों औ अफसराें की बहस भी हुई।
मुख्य मार्ग के किनारे लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इसमें कई दुकानदार भी हैं जिन्होंने अपनी दुकान के बाद भी पांच से सात फीट तक सामान व साइन बोर्ड आदि रखकर सड़क पर कब्जा कर लिया। सड़क के किनारे जहां दुकान नहीं है। वहीं ठेला वाले जैसे गुपचुप, फास्टफूड चाऊमीन व जलपान की दुकानें लगाकर फुटपाथ पर कब्जा हो गया है। ऐसे में इन ठेलों पर आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं। इसको देखते हुए मुख्य मार्ग से अवैध कब्जा हटाने के लिए एसडीएम बृजेश सिंह क्षत्रिय ने नायब तहसीलदार दिलीप खांडे, सीएमओ रोहित साहू, थाना प्रभारी संजीव ठाकुर, पीडब्ल्यूडी इंजीनियर समुद्रे, पटवारी व नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ मोहभट्ठा मोड़ से लेकर भोईना तालाब तक मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाया। सड़क के दोनों ओर सेंटर से चालीस फीट तक चिन्हांकित कर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की। ज्ञात हो कि होली पर्व के पूर्व एसडीएम ने नगर पंचायत सभागार में व्यापारियों की बैठक आयोजित कर सड़क दुर्घटना रोकने सुझाव लेते हुए कहा था मुख्य मार्ग से अवैध कब्जा व्यापारी स्वयं से हटा लें। जिसके बाद शनिवार सुबह 9 बजे से ही मोहभट्ठा मोड़ से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। अधिकांश व्यापारियों ने प्रशासन को सहयोग करते हुए स्वयं से ही अवैध कब्जा हटा लिया था।
नेताओं और अफसरों के बीच हुई नोकझोक
कुछ लोग अवैध कब्जा हटाने अधिकारी से उलझते रहे और साथ ही कुछ जनप्रतिनिधि भी आपस में नोकझोंक करते नजर आए। अमले पर भेदभाव के साथ कार्रवाई के आरोप भी लगे। छोटे व्यापारियों ने कहा कि ये कार्रवाई सिर्फ छोटे व्यापारियों के लिए है। बड़ों को राहत दी जा रही है। बस स्टैंड में भी कार्रवाई की गई। कुछ पर जुर्माना किया।
2011 में भी अतिक्रमण हटाने की थी कार्रवाई
इससे पूर्व मार्च 2011 में परिवीक्षाधीन आईएएस अवनीश शरण ने भी अवैध कब्जा हटाने ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी। जिस दहशत में व्यापारी स्वयं से अवैध कब्जा हटाने सहयोग कर रहे हैं। बचे हुए अवैध कब्जा को हटाने मंगलवार तक अंतिम चेतावनी दी गई। सड़क के सेंटर से 40 फीट तक चौड़ीकरण पर व्यापारियों के माथे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट देखी जा रही हैं।
दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक: नपं अध्यक्ष
एसडीएम बृजेश सिंह का कहना है कि मुख्य मार्ग के मध्य से चालीस फीट तक अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई। कुछ को अंतिम चेतावनी देकर मंगलवार तक हटाने हिदायत दी गई। व्यापारियों द्वारा प्रशासन को सहयोग किया जा रहा है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव तिवारी का कहना है कि अवैध कब्जा हटाने से यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। दुर्घटना में लगाम लगेगी।
जनप्रतिनिधियों और अफसरों के बीच हुई बहस, पार्षद ने लगाया भेदभाव का आरोप
पार्षद ने कार्रवाई को बताया भेदभावपूर्ण
पार्षद गोपाल अग्रवाल ने कहा कि नगर में अतिक्रमण हटाया गया है। जिसमें लोगों से भेदभाव किया गया है। 40 फीट के अंदर जिसका भी कब्जा है पूर्व में उनको सूचना दी गई थी। लेकिन चिन्हांकित स्पष्ट सभी जगह नहीं हुआ था एवं नपं. कार्यालय द्वारा नगर में मुनादी हुई, जिसकी सूचना जनप्रतिनिधियों को नहीं दी गई थी। अगर निष्पक्ष कार्रवाई होती तो व्यापारी एवं जनप्रतिनिधि भी सहयोग करते।
कार्रवाई के दौरान पक्के निर्माण को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।