हवाई सेवा के लिए 29 मार्च को बनेगी मानव श्रंृखला महिला संगठनों ने धरना देकर जताया विरोध
हवाई सेवा शुरू करने के लिए पिछले 135 दिन से आंदोलन कर रही हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति 29 मार्च को मानव श्रंृखला का आयोजन करने जा रही है। इसके लिए समिति ने तैयारी भी शुरू कर दी है। इधर धरना आंदोलन में रविवार को विभिन्न महिला संगठन शामिल हुईं। सभा में महिला संगठनों ने कहा कि आंदोलन के 200 दिन के पहले हवाई सेवा की मांग को पूरा किया जाए नहीं तो आंदोलन को और भी तेज किया जाएगा। आंदोलन में महिला मंडल सिंधी सेंट्रल पंचायत और संविधान बचाओं महिला समिति की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुई। सभा में समाज सेवी नीतू श्रीवास्तव और भावना शर्मा ने कहा कि धरना आंदोलन शुरू हुए अब तक चार माह से अधिक हो चुके हैं लेकिन हवाई सेवा कब से शुरू होगी केंद्र सरकार इसकी घोषणा नहीं कर पाई है। महिला शक्ति के इस आंदोलन से जुड़ जाने के बाद केंद्र सरकार और अधिक दिन तक उपेक्षा नहीं कर पाएगी। सिंधी समाज से कंचन मलतानी और कृति लालवानी ने कहा कि परिवार के लोग पहले से ही महानगरों में जा रहे हैं लेकिन हवाई सेवा के बगैर बिलासपुर शहर का विकास पीछे छूटता जा रहा है। संविधान बचाओं समिति से पार्षद शहजादी कुरैशी और आसिया बेगम ने कहा कि संविधान के तीन स्तंभ में से न्यायपालिका का मुख्यालय बिलासपुर है। फिर क्या कारण है कि बिलासपुर को विकास का समान अवसर नहीं दिया जा रहा है। सभा को गरिमा साहनी,सुनीता खत्री,अनीता नागदेव,माया मिश्रा,श्वेता शास्त्री,रीना नसीने, डा. स्वीटी लांजीमना आदि ने भी संबोधित किया। चिंगराज पारा वार्ड से मैकू भरिया,पंकज तिवारी, सचिन तिवारी, राजेश सोनी और राजकुमार रजक शामिल रहे। संविधान बचाओं समिति से नसीम आरा, सरस्वती यादव,नसरीन अंसारी, शबीना कुरैशी आदि शामिल रहे। इसी तरह से विभिन्न महिला संगठनों में शहजादी कुरैशी, जूही जैन,रागिनी देवांगन, सीमा पांडेय आदि शामिल रही। समिति से सुदीप श्रीवास्तव व अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
हवाई सेवा के लिए धरने में कई महिला संगठनों ने भाग लिया।