अवैध खुले चखना सेंटर, आए दिन घटनाएं
डीबी स्टार टीम को शिकायत मिली कि अवैध तरीके से शराब दुकान के पास चखना सेंटर चलाया जा रहा है। टीम ने हकीकत जानने के लिए पड़ताल किया। इस दौरान खुलासा हुआ कि शहर में दर्जनभर से अधिक शराब दुकान संचालित किए जा रहे है। उनमें से शहरी क्षेत्र में 6 से ज्यादा शराब दुकानों के पास चखना सेंटर ही चलाया जा रहा है, जबकि आबकारी विभाग ने नया नियम बनाया था कि शराब दुकानों के 50 मीटर के दायरे में कोई भी चखना सेंटर नहीं खुलेगा, लेकिन यहां 5 से 10 मीटर पर ही चखना सेंटर खुले हुए है। इस वजह से ज्यादातर लोग चखना सेंटर के पास ही शराब पी रहे है, जबकि इसे बंद करने के लिए पहले ही निर्देश जारी किया जा चुका है, लेकिन जिम्मेदारों की मिलीभगत से ही धंधा चल रहा है। आबकारी विभाग ने नियम बनाया है कि शराब दुकान के 50 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के चखना दुकान का संचालन नहीं किया जा सकता है। वरना इन पर जुर्माने के अलावा कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सेंटर मालिक पर भी कार्रवाई होगी। अगर इन दुकानों का आंकडा देखा जाएं तो इस चखना सेंटर का ही महीने का कम से कम पांच हजार रुपए बिजली बिल आता है। ऐसे में आबकारी विभाग को इन सेंटरों से ही महीने का हजारों रुपए का नुकसान हो चुका है। समस्याएं जारी हैं।
इन जगहों पर चल रहा अवैध चखना सेंटर, कार्रवाई नहीं
मोपका में देसी शराब दुकान के किनारे, शनिचरी में शराब दुकान के पीछे, लिंगियाडीह के अलावा सीपत और कुछ खास जगहों पर शहर की कई शराब दुकानों के करीब ही सेंटर चल रहा है। शहर की ज्यादातर शराब दुकानांे के पास नियम विरुद्ध चखना सेंटर का संचालन शुरु कर दिया गया है। इसको लेकर आबकारी विभाग के पास शिकायत भी होती है,लेकिन विभाग किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करता है।
सहायक आयुक्त बोले- नियमित गश्त कराएंगे, लोगों को समस्या न हों, इसका ध्यान रखंगे
नियमित रूप से टीम भेज रहे हैं, फिर से कार्रवाई कराएंगे
-विकास गोस्वामी, सहायक आयुक्त, आबकारी विभाग, बिलासपुर
खुला मैदान बना है शराबखाेरी का अड्डा
लोग शराब दुकानों के पास ही चखना सेंटर होने पर शराब पीते हैं। फिर वहीं पर मारपीट भी करते हैं। इसी तरह हर रोज मारपीट और चोरी की घटनाएं हो रही है। फिर भी न पुलिस कार्रवाई करती है न ही आबकारी अमला कार्रवाई करता है। जबकि सरकंडा थाना, सिविल लाइन सहित दूसरे जगहों पर इसकी रोज शिकायत हो रही। सीपत में शराब दुकान के किनारे मैदान में शराबखोरी चल रही है।
मोपका में शराब दुकान के सामने खाली मैदान शराब खोरी का अड्डा बन चुका है।