नवा रायपुर में बसाहट के लिए सेक्टर-15 और 30 में आवासीय योजना लांच
रायपुर| नवा रायपुर में तेजी से आबादी की बसाहट के लिए आवास मंत्रालय ने शुक्रवार को अटल नगर के सेक्टर-15 तथा सेक्टर 30 में आवासीय भू-खण्ड परियोजना शुरु की। आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने इसे लांच किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि यह परियोजना नवा रायपुर अटल नगर में बसाहट बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। इन सेक्टरों में पहले की अपेक्षा वर्तमान में भू-आबंटन के आकार को छोटा किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस परियोजना से जुड़कर भरपूर लाभ उठा सके। सेक्टर 15 में दो हजार 900 से 4 हजार वर्गफीट के भू-खण्ड और सेक्टर-30 के पॉकेट डी 3 तथा बी 3 में डेढ हजार से 2 हजार 350 वर्गफीट के लीज पर आबंटन के लिए आज निविदा जारी कर दी गई है। सेक्टर-15 में ऑफसेट प्रीमियम दर एक हजार 240 रूपए प्रति वर्गफीट निर्धारित की गई है। जबकि सेक्टर-30 में यह दर एक हजार 135 रूपए प्रति वर्गफीट होगी। उक्त दर पर प्रथम दो चरणों में निविदा आमंत्रित की जाएगी। पांच वर्षों में आबंटियों को निर्माण कार्य पूर्ण करना होगा। इस बार प्राधिकरण द्वारा आवेदन शुल्क को कम कर एक हजार 180 रूपए रखा गया है। इसके अलावा आबंटियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भवन निर्माण के लिए न्यूनतम एफ.ए.आर. मापदण्ड को एक से घटाकर 0.5 किया गया है।