अवैध भंडारण पर 5 डोलोमाइट खदान संचालकों को खनिज विभाग का नोटिस
बिलासपुर | अवैध भंडारण के चलते खनिज विभाग ने 5 डोलोमाइट कारोबारियों को नोटिस देकर जवाब मांगा है। अगर उनके द्वारा उचित जवाब नहीं दिया जाता तो उनके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना भी किया जा सकता है। पिछले दिनों खनिज विभाग के डिप्टी डॉयरेक्टर डॉ. दिनेश मिश्रा ने डोलोमाइट की कुछ खदानों का जायजा लिया। जब रेलवे साइडिंग पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वहां पर बड़ी मात्रा में डोलोमाइट का भंडारण कारोबारियों द्वारा किया गया है। अधिकारी ने जब पूछताछ की तो पता चला कि यह डोलोमाइट यहां पर मेसर्स बिलासपुर माइनिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर नरेश अग्रवाल ने डंप कराया है। दस्तावेज देखने पर पता चला कि नरेश अग्रवाल को धौराभाठा में डोलोमाइट रखने की अनुमति दी गई है। पर उन्होंने यहां पर डोलोमाइट का भंडारण किया है। इसे प्रथम दृष्टया अवैध माना जा रहा है। इसी तरह से अग्रवाल मिनरल्स के विनोद अग्रवाल, मुरारी लाल केदारमल की प्रोपाइटर पार्वती अग्रवाल, मेसर्स एसोसिएटेड माइनिंग के प्रोपाइटर एनएस सहगल और मेसर्स शिवशंकर मिनरल्स के प्रोपाइटर गोवर्धन अग्रवालको साइडिंग में क्षमता से अधिक डोलोमाइट डंप कराने के मामले में शोकॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। खनिज निरीक्षक राहुल गुलाटी ने बताया कि सोमवार-मंगलवार तक जवाब मिला तो संबंधित पर कार्रवाई हो सकती है।