पानी लेने ईंटभट्ठा जा रही थी मां, पीछे चल रही दो साल की बच्ची को ट्रैक्टर ने कुचला
पानी लेने ईंटभट्ठा जा रही मां का पीछा करते उसकी दो साल की बच्ची भी आई। गेट पर ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। सोमवार की सुबह यह हादसा सरकंडा क्षेत्र में हुअा। ग्राम मोपका आवास पारा निवासी कारपेंटर सनी कुमार सूर्यवंशी पिता स्व. सहादेव सूर्यवंशी के घर के पास ही सफेद ईंट बनाने का भट्ठा है। सोमवार की सुबह करीब 8 बजे उसके छोटे भाई सोनू सूर्यवंशी की प|ी पूर्णिमा सूर्यवंशी वहां पानी लेने के लिए गई थी। उसकी दाे साल की बेटी आलिया भी मां के पास जाने के लिए निकली। ईंटभट्टा के भीतर से ट्रैक्टर निकल रहा था। गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। ड्राइवर इसे लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। गेट पर आलिया को उसने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची चक्के के नीचे आकर दब गई। ड्राइवर ने ट्रैक्टर को आगे पीछे कर उसे निकाला और गाड़ी छोड़कर भाग निकला। सनी कुमार व बेद कुमार सूर्यवंशी व पूर्णिमा दौड़कर वहां पहुंचे और बच्ची को देखा। उसकी मौत हो गई थी। फिर भी तस्दीक के लिए उठाकर उसे सिम्स लेकर आए। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
घटनास्थल पर खड़ा ट्रैक्टर।
होली का पर्व मातम में बदला
सोनू के दो बच्चे हैं। इनमें से आलिया छोटी थी। परिवार के सभी लोग अन्य लोगों की तरह ही होली की तैयारी में जुटे हुए थे। इस हादसे से गांव में शोक छा गया। परिवार में मातम पसरा हुआ है।