जेईई मेन के लिए अब 12 तक कर सकते हैं आवेदन, एनटीए ने बढ़ाई तारीख
देश के 23 आईआईटी, 31 एनआईटी, 23 ट्रिपल आईटी सहित जीएफटीआई पर प्रवेश परीक्षा के लिए छात्रों के पास 12 मार्च तक आवेदन करने दूसरा मौका मिला है। जेईई मेन की परीक्षा अप्रैल में होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 मार्च तक चलेगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने देश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए ली जाने वाली जेईई मेन के आवेदन की तारीख को बढ़ा दिया गया है। अब उम्मीदवार 12 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 मार्च निर्धारित की गई थी। एनटीए ने यह बदला हुआ शेड्यूल जारी कर दिया है।
13-16 तक करा सकेंगे आवेदन में सुधार
जेईई मेन ऑनलाइन एग्जाम 5, 7, 9 और 11 अप्रैल को होगा। रिजल्ट 30 अप्रैल को जारी होगा। नए शेड्यूल के मुताबिक आवेदन में सुधार 13 से 16 मार्च तक कराया जा सकेगा। प्रतिभागी को एडिशनल फीस देनी होगी। जेईई मेन जनवरी और जेईई मेन अप्रैल के एनटीए के आधार पर रैंक लिस्ट जारी होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जेईई एडवांस में बैठने का मौका मिलेगा। 2.50 लाख अभ्यर्थियों का चयन जेईई एडवांस के लिए होगा। जेईई मेन 2020 परीक्षा के बाद रैंकिंग तय की जाएगी।
सीबीएसई: ऑनलाइन देख सकते हैं स्कूलों की मान्यता
बोर्ड परीक्षाओं के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मान्यता से संबंधित नियमों में सख्ती कर दी है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि, जिस स्कूल को मान्यता नहीं मिली होगी, उसके बच्चों को किसी भी हाल में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं दिया जाएगा। सीबीएसई हर साल ऐसे बच्चों को राहत देता आया है, जो स्कूल की मान्यता न होने की वजह से परीक्षा से वंचित रह सकते थे। इस बार बोर्ड ने मान्यता का नियम सख्ती से लागू कर दिया है। यानी अगर किसी गैर मान्य स्कूल में कोई बच्चा पढ़ता है, तो किसी भी सूरत में वह बोर्ड परीक्षा नहीं दे पाएगा। बोर्ड की एफिलिएशन से जुड़ी वेबसाइट पर स्कूल का स्टेटस देखा जा सकता है। पेरेंट्स स्कूल का एफीलिएशन cbseaff.nic.in/cbse_aff/welcome.aspx पर चेक कर सकते हैं।
जेईई का ब्रोशर जारी, ऑनलाइन आवेदन 1 मई से
जेईई एडवांस परीक्षा का ब्रोशर जारी हो गया है। स्टूडेंट्स आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर देख सकते हैं। जेईई एडवांस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 मई की सुबह 10 बजे से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 मई की शाम 5 बजे तक चलेगी। फीस भुगतान की अंतिम तारीख 7 मई की शाम 5 बजे तक होगी। जेईई एडवांस के लिए आवेदन 3 चरण में पूरा होगा। पहले चरण में बेसिक रजिस्ट्रेशन होगा, दूसरे चरण में डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे और तीसरे चरण में फीस का भुगतान होगा। छात्र 12 से 17 मई के बीच अपने एडमिट कार्ड jeeadv.ac.in वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।