- Hindi News
- Local
- Chhattisgarh
- Bilaspur
- Bilaspur News Chhattisgarh News Our Arpa Will Be Formed With Public Participation Action Plan Will Be Made Car Committee Will Be Formed In 15 Days
जन भागीदारी से संवरेगी हमारी अरपा, एक्शन प्लान बनेगा, 15 दिन में गठित होगी काेर कमेटी
जीवनदायिनी अरपा के संवर्धन को लेकर कलेक्टोरेट में हुई डेढ़ घंटे की महत्वपूर्ण बैठक में जनता की भागीदारी पर जाेर दिया गया। एक्शन प्लान बनाने से लेकर इसके अभियान तक का नाम तय करने के लिए जनता से सुझाव मांगने का निर्णय हुआ। तय हुआ कि 15 दिनों में कोर टीम बनाकर हर पंद्रह दिन में अरपा को लेकर बैठक होगी। अरपा के संवर्धन को जन अभियान के तौर पर चलाने जिला पंचायत के सीईओ को नोडल अधिकारी बनाया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहले बजट में अरपा में बराज व नाला बनाने की घोषणा की। 8 मार्च को शहर आए तो अरपा के विकास के लिए हर संभव काम करने कहा। वहीं गुरुवार को उन्होंने अपने सलाहकार प्रदीप शर्मा को अरपा को लेकर संबंधित विभागों की बैठक लेने भेजा। कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में सलाहकार शर्मा ने कहा कि अरपा के विकास की योजना की जानकारी के लिए वेबसाइट तैयार करेंगे। इसमें सबके सुझाव लेंगे। तेजी से काम करने 15 दिनों में 10 सदस्यों की कोर टीम बनाएंगे। सुझाव दिया कि अरपा डायवर्सन के पास जलकुंभी को खत्म करने कमल के पौधे लगाए ताकि जलकुंभियों से नदी को बचाएंगी। जल संसाधन विभाग के अधिकारी ने बताया कि अरपा डायवर्सन से पचरी घाट व इंदिरा सेतु से शिव घाट के बीच 39 करोड़ रुपए में दो बराज बनेंगे। सर्वे हो चुका है और ड्राइंग-डिजाइन बन रहा है। उन्होंने इसका प्रेजेन्टेशन भी दिया। वहीं यह भी निर्णय हुआ कि अरपा के संवर्धन की शुरुआत उद्गम स्थल से होगी।
जानिए किसने, क्या सुझाव दिए
पर्यावरण सुंदर होना चाहिए-विधायक पांडेय : अरपा के संवर्द्धन को लेकर विधानसभा में मुद्दा उठाने वाले विधायक शैलेश पांडेय ने कहा कि पूर्व सरकार ने अरपा पर जनता से झूठ बोला। भूपेश सरकार की संवेदनशीलता से अरपा का संवर्द्धन होने जा रहा है। शहर व आसपास के पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए विकास हो।
अरपा का सीमांकन हो- अटल पीसीसी महामंत्री व सिविल इंजीनियर अटल श्रीवास्तव ने कहा कि तीन-चार फीट गाद को निकाला जाना चाहिए और दोनों किनारों को 15-20 फीट तक ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित होना चाहिए। अरपा का सीमांकन भी हो।
रेत उत्खनन बंद हो: मेयर यादव मेयर रामशरण यादव ने नाले के गंदे पानी को ट्रीटमेंट के बाद अरपा में छोड़ने, नदी के दोनों तरफ नाला बनाने, नदी में मलबा न फेंकने और उद्गम स्थल से कब्जा हटाने के साथ ही शहर से लेकर कोनी तक रेत की खुदाई बंद करने का सुझाव दिया।
अभियान को नाम देने जनता से मांगा गया सुझाव : अरपा संवर्धन के व्यापक अभियान को एक नाम देने जनता से सुझाव मांगा गया है। बैठक में विधायक शैलेश पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, सभापति शेख नजीरूद्दीन, पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र जायसवाल ने सुझाव दिए।
14 नालों का उपचार, 3500 स्ट्रक्चर प्रस्तावित : निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नदी के समानान्तर रिवर व्यू सड़क व ड्रेन बनेगा। नोडल अधिकारी रितेश अग्रवाल ने बताया कि नरवा, गरुवा, घुरवा और बाड़ी योजना के तहत नालों को वैज्ञानिक ढंग से उपचारित करने के लिए डीपीआर बन चुका है। इनमें 3500 स्ट्रक्चर प्रस्तावित हैं। कैचमेंट एरिया पर भी काम होगा।
बराज से नहीं होगा घर, रपटा या पुल को नुकसान
बराज बनने से क्या किसी के मकान, रपटा पुल या अन्य पुल को कोई नुकसान होगा, इसका मुद्दा उठा, इस पर जल संसाधन विभाग के अधिकारी ने कहा कि बैराज से किसी के घर, रपटे या पुल को कोई नुकसान नहीं होगा। इसमें करीब तीन मीटर जल भराव होगा। इसके बन जाने से देवरीखुर्द से रामकृष्ण आश्रम कोनी तक बारहों माह अरपा में पानी रहेगा।