ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को गर्मी में प्लेटफार्म पर नसीब नहीं होगा ठंडा पानी
बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर इस बार ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को ठंडा पानी नहीं मिल पाएगा। फर्जी डॉक्यूमेंट के जरिए स्टेशनों में वाटर वेंडिंग मशीनें लगाकर ठंडा पानी बेच रही कोलकाता की कंपनी के बिलासपुर सहित तीन जोन के सभी 96 वाटर एटीएम विजिलेंस की कार्रवाई के बाद सील कर दिए गए हैं। इन्हें जल्द शुरू नहीं किया गया तो यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी।
कोलकाता की अरहम मैनेजमेंट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के बिलासपुर, रायपुर व नागपुर डिवीजन में 44, दक्षिण पूर्व रेलवे कोलकाता के आद्रा डिवीजन में 24 और ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे के साेनपुर व माल्दा डिवीजन में 28 वाटर एटीएम मशीन लगाने के लिए वर्ष 2017 में टेंडर डाला था। इसके लिए टेंडर आईआरसीटीसी ने आमंत्रित किया था। टेंडर में जो डाक्यूमेंट्स कंपनी ने दिए थे उनमें अनुभव प्रमाण पत्र फर्जी था। बताया जा रहा है कि बैंक का साल्वेंसी सर्टिफिकेट भी गलत था। इस पूरे मामले की शिकायत आईआरसीटीसी के विजिलेंस से की गई। विजिलेंस ने 2019 में सभी जगहों पर जाकर डाक्यूमेंट्स का वेरीफिकेशन किया। इसमें दोनों ही गड़बड़ी सही पायी गई। इसके बाद वाटर वेंडिंग मशीन का ठेका लेने वाली कंपनी के एमडी को शोकाज नोटिस देकर बुलाया गया लेकिन वे नहीं आए। इस बीच कंपनी पर 25 लाख रुपए बकाया भी हो गया। जांच के दौरान विजिलेंस ने एक और गड़बड़ी पकड़ी जिसमें उन्होंने की भूमिका को भी संदिग्ध पाया। बताया जा रहा है कि इसके बाद जेजीएम को सस्पेंड कर दिया गया है। लेकिन इस बारे में आईआरसीटीसी के स्थानीय अफसरों को कोई सूचना नहीं है। आईआरसीटीसी के जीएम रेल नीर साकेत चंद्र श्रीवास्तव ने कंपनी को नोटिस जारी कर 30 दिन में बकाया राशि जमा करने कहा। साथ ही तीनों जोन के आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधकों को सभी वाटर एटीएम को आगामी आदेश तक के लिए सील करने के निर्देश दिए। उसके बाद सभी 96 वाटर एटीएम सील कर दिए गए हैं। आईआरसीटीसी और ठेका कंपनी के विवाद के कारण ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। अगर जल्द ही ये वाटर एटीएम नहीं खुले तो आम यात्रियों को प्लेटफार्म पर ठंडा पानी नसीब नहीं होगा। क्योंकि इन वाटर वेंडिंग मशीनों के लग जाने के बाद रेलवे प्रशासन ने कुछ वाटर एटीएम को प्लेटफार्म से हटवा दिया था। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अफसरों ने आईआरसीटीसी के अधिकारियों से कहा है कि वे गर्मी के सीजन में आम यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर वाटर एटीएम मशीनों को शीघ्र शुरू कराएं।
सील किए जाने से बंद वाटर एटीएम।