कोरोना की पहचान के लिए चिकित्सक व अन्य को प्रशिक्षण दिया जाए : बारीक
काेरोना वायरस से सतर्क रहने और अस्पतालों में व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव निहारिका बारीक ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना वायरस को लेकर चिकित्सक, स्टाफ, नर्स सहित अन्य को भी प्रशिक्षण दिया जाए जिससे उन्हें इसकी पहचान करने में आसानी हो। इसके अलावा जिला अस्पताल व सिम्स में 10-10 बिस्तर का आइसोलेशन वार्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान सीएमएचओ डाॅ. प्रमोद महाजन, सिम्स के डीन डाॅ. पीके पात्रा, सिविल सर्जन डाॅ. मधुलिका सिंह सहित अन्य भी मौजूद रहे।
इसीक्रम में कोरोना वायरस के मद्देनजर देश में घूमकर वापस शहर आने वाले कुछ लोगों को एहतियातन स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 दिनों तक घर में ही रहने की सलाह दी गई है। बाहर से आने की जानकारी देने पर इन सभी की निगरानी स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। सीएमएचओ डाॅ. प्रमोद महाजन ने बताया कि जो लोग बाहर से घूमकर आए हैं उन्हें घर में ही रहने के लिए कहा गया है। नियम के अनुसार इन लोगों की जांच 14 दिन बाद ही की जा सकती है।