पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

प्राथमिक शहरी स्वास्थ्य केंद्र सिर्फ नाम के, दवा के नाम पर गोली उपलब्ध नहीं

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

शहर में आम जन की सुविधा के लिए खोले गए स्वास्थ्य केंद्र सिर्फ दिखावा साबित हो रहे हैं। यहां डॉक्टर और कर्मचारी जाते तो हैं पर सिर्फ कुछ समय के लिए। स्वास्थ्य केंद्र में जाना और हाजिरी लगाना ही इनका काम है। इस बीच कोई मरीज पहुंच गया तो उसे दवा के नाम पर कुछ गोली देकर विदा कर दिया जाता है। चिंगराज पारा और बंधवापारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भी हाल ऐसे ही हैं। दोनों स्वास्थ्य केंद्र पर 12:30 बजे ही ताला लगा मिला। आस-पास वालों से पूछा तो बताया कि कुछ समय के लिए आते हैं और चले जाते हैं।

चिंगराज पारा स्वास्थ्य केंद्र 20 वर्ष पहले खुला, पर इलाज नहीं मिलता: सरकारी स्कूल के ठीक सामने बने चिंगराज पारा स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर 12:30 बजे ताला लगा हुअा था। चैनल गेट के अंदर झांककर देखा तो लगा कि कभी-कभी खुलता है तो सफाई हो जाती है। इलाज की सुविधा यहां कतई नहीं है। सर्दी, खांसी, बुखार तक की दवा लेने के लिए लोगों को निजी अस्पताल के डॉक्टरों के पास जाना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना था कि डॉक्टर बमुश्किल 30 मिनट के लिए ही आते हैं। इलाज न मिलने से आस-पास रहने वालों को जिला अस्पताल या
फिर सिम्स जाना पड़ता है।

बंधवापारा स्वास्थ्य केंद्र, खुले तो ठीक नहीं तो कोई बात नहीं: बंधवापारा में अंदर जाने के बाद मुख्य सड़क पर ही स्वास्थ्य केंद्र स्थित है। यहां डॉक्टरों की मनमानी चल रही है। गए तो गए नहीं तो कोई बात नहीं। इस केंद्र को खुले हुए करीब 17 वर्ष होने को हैं पर स्थानीय निवासियों को इसका कोई लाभ उस तरह नहीं मिल पा रहा है जिसकी उन्होंने उम्मीद की थी। यहां इलाज के नाम पर कुछ नहीं है। किसी को चोट भी लग जाए तो उसे यहां उचित इलाज नहीं मिल सकता, कारण मल्हम-पट्‌टी के लिए कोई साधन मौजूद नहीं है।

कोई सुविधा नहीं मिल रही

गणेश राम यादव, बंधवापारा

इलाज नहीं मिल रहा

स्वास्थ्य केंद्र को खुले हुए 20 वर्ष हो चले पर इसका लाभ किसी को नहीं मिल पा रहा है। डॉक्टर इंजेक्शन तक नहीं लगाते। डॉक्टर मुश्किल से आधा घंटे तक ही रुकते हैं फिर चले जाते हैं। ऐसे में इलाज क्या होता होगा?
कृष्ण कुमार, स्थानीय निवासी, चिंगराजपारा

कुछ मिनटों के लिए खुलता है, फिर बंद हो जाता है

शीला पाटले, स्थानीय निवासी, चिंगराजपारा

सर्दी-खांसी की गोली तक नहीं मिलती

खेदीलाल यादव, बंधवापारा

एेसा है तो गलत है

चिंगराजपारा और बंधवापारा स्वास्थ्य केंद्र समय पर नहीं खुल रहे तो यह गलत है। मैं कल ही इसकी जानकारी मंगवाता हूं और दोषियों पर कार्यवाही करता हूं। स्वास्थ्य केंद्र अामजन की सुविधा के लिए हैं डॉक्टरों की मनमर्जी के लिए नहीं। -डा. प्रमोद महाजन, सीएमएचओ, बिलासपुर
खबरें और भी हैं...