वृंदावन कांप्लेक्स की पार्किंग में शार्ट सर्किट से लगी आग
तेलीपारा स्थित बृंदावन कांप्लेक्स में बिजली के शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। इससे यहां खड़ी 12 बाइक जल गईं। आगजनी से अफरा-तफरा मई गई थी। दुकान के कर्मचारी व ग्राहक बाहर भागे। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। तेलीपारा में बृंदावन कांप्लेक्स है। सोमवार को सुबह करीब 10 बजे यहां की सभी दुकानें खुली हुई थीं। कर्मचारी दुकान में थे और ग्राहक खरीदारी कर रहे थे। कांप्लेक्स में गाड़ियों की पार्किंग है। करीब 10.25 बजे पार्किंग से अचानक धुअां निकलने लगा। दुकानदारों की नजर पड़ी तो ग्राहकों के साथ बाहर भागे। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। सिटी कोतवाली पुलिस को आगजनी की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची। आग तब तक भड़क चुकी थी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। कुछ देर बाद दमकल पहुंची और इससे पानी डाला गया। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान पार्किंग में रखी गाड़ियां जलकर राख हो गईं। दुकान संचालकों के अनुसार शार्ट सर्किट के चलते आग लगी थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पार्किंग में बिजली के तार फैले हुए हैं। मेंटेनेंस नहीं होने के कारण यह पुराना हो गया है और जगह-जगह से कटा हुआ है। बृंदावन कांप्लेक्स में 100 से अधिक दुकानें हैं लेकिन यहां पर फायर सिस्टम नहीं है। समय रहते फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा होने की संभावना थी।