पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हम भगवान राम का नाम वोट पाने के लिए नहीं, आस्था से लेते हैं: भूपेश

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

धार्मिक प्रवास पर अमरकंटक पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस बजट में पर्यटन के लिए 75 प्रतिशत अधिक राशि का प्रावधान हमारी सरकार ने किया है। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अमरकंटक के इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक में उतरना था। लेकिन रातोंरात कार्यक्रम बदला और हेलीकॉप्टर पेंड्रारोड के गुरुकुल में उतरा गया। यहां से कार से अमरकंटक पहुंचे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पेण्ड्रारोड के गुरुकुल में हेलीकॉप्टर से पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से अमरकंटक पहुंचे, जहां विधि-विधान से मां नर्मदा की पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री ने नर्मदा उद्गम परिसर में स्थित रुद्र मंदिर में रुद्राभिषेक कर देश और प्रदेश की सुख संवृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के करीबियों के अनुसार चुनाव से पहले से की गई मान्यता पूरी होने पर वे अमरकंटक आए हैं। करीबन 4 घंटे के प्रवास के दौरान कांग्रेस के पुष्पराजगढ़ के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने पारंपरिक पगड़ी पहना कर मुख्यमंत्री का सम्मान किया और लकड़ी से बने शिव की प्रतिमा भी भेंट की।

भूपेश ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- उनका
सिद्धांत है राम-राम जपना, पराया माल अपना


पत्रकारों से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि नर्मदा मैय्या के प्रति छत्तीसगढ़ के लोगों की आस्था है। मध्यप्रदेश में चल रही सियासी उठापटक पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन मध्यप्रदेश सरकार का बाल भी बांका नहीं कर सकती है। उन्होंने यहां भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम भगवान राम का नाम वोट पाने की लिए नहीं अपनी आस्था से लेते हैं जबकि भाजपा का सिद्धान्त है राम नाम जपना, पराया माल अपना। अमरकंटक में पूजा-पाठ के बाद वे स्थानीय सर्किट हाउस गए। सर्किट हाउस में भोजन करने के बाद वापस पेण्ड्रारोड पहुंचे जहां से 4.30 बजे रतनपुर के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री के साथ उनके सलाहकार विनोद वर्मा, रुचिर गर्ग, सुदीप श्रीवास्तव, प्रदीप शर्मा भी मौजूद रहे।


पेण्ड्रारोड और अमरकंटक में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात


पेण्ड्रारोड के गुरुकुल हेलीपेड में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही की कलेक्टर शिखा राजपूत तिवारी, एसपी सूरज सिंह परिहार, एसडीएम मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ राकेश मिश्रा, एडिशनल कलेक्टर बीसी साहू सहित जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। अमरकंटक में पुष्पराजगढ़ के विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, अनूपपुर जिले के कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, डीआईजी शहडोल रेंज पीएस उइके, पुलिस अधीक्षक किरणलता केरकेट्टा सहित जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत किया। इस दौरान अनूपपुर के कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने मुख्यमंत्री बघेल को मां नर्मदा उद्गम मंदिर ट्रस्ट द्वारा पैकेज किया हुआ नर्मदा उद्गम जल एवं भोग महाप्रसाद तथा नारियल लड्डू भेंट किया। बघेल ने ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना की।

बघेल बोले- मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार का कोई बाल बांका नहीं कर सकता


पेंड्रारोड पर हेलीकॉप्टर से उतरे भूपेश ने लोगों से की मुलाकात। अमरकंटक में बघेल ने नर्मदा में किया स्नान।
खबरें और भी हैं...