जहां सुविधाएं होंगी, वहीं बनेगी मॉडल तहसील, अभी निर्देश का इंतजार
बिलासपुर| जिले में पांच मॉडल तहसील बनाए जाने के बजट में प्रावधान होने के बाद अफसर सरकार के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। जिन तहसीलों में सुविधाएं और व्यवस्था दूसरी तहसीलों में तुलना में दुरुस्त होंगी उनका ही चयन मॉडल तहसील के तौर पर किया जाएगा।
वर्तमान में जिले में बिलासपुर, तखतपुर, कोटा, बिल्हा, मस्तूरी तहसील हैं। इसके अलावा बेलतरा, सीपत, रतनपुर और सकरी को पूर्ण तहसील बनाए जाने की घोषणा हो चुकी है। मॉडल तहसील के लिए उन्हीं तहसीलों का चयन किया जाएगा जहां आधारभूत संरचना, पर्याप्त सेटअप और अन्य सुविधाएं होंगी। वर्तमान में बेलतरा बिलासपुर तहसील,सीपत मस्तूरी,रतनपुर कोटा और सकरी तखतपुर तहसील में मर्ज है। पूर्ण तहसील का दर्जा मिलने के बाद इनका चयन भी मॉडल तहसील के लिए हो सकता है। नई तहसीलों में आधारभूत संरचना और सेटअप सरकार के लिए चुनौती होगी। यदि इन तहसीलों का चयन किया जाता है तो भवन के साथ तत्काल नए सेटअप की जरूरत होगी। इसके अलावा परिसर की चहारदीवारी, अतिरिक्त कक्ष का निर्माण, बेहतर पेयजल व्यवस्था, वाटर एटीएम, शौचालय, जनसुविधा केंद्र, स्वच्छता और परिसर में फलदार व औषधीय पौधे भी मॉडल तहसीलों के मापदंड में शामिल रहेंगे। कई तहसीलों में इनमें से कुछ सुविधाएं पहले से हैं और कुछ विकसित किए जाने की जरूरत है। एसडीएम देवेंद्र पटेल के अनुसार अभी इस संबंध में शासन से कोई निर्देश नहीं आया है। इसलिए तहसीलों को मॉडल बनाए जाने के संबंध में क्या मापदंड होंगे यह नहीं बताया जा सकता।