पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पूछा-बाइपास लाइन पर अंडरब्रिज क्यों जरूरी, 9 साल पहले क्या हुआ था बताएं

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

तारबाहर सिरगिट्टी बाइपास लाइन पर अंडरब्रिज क्यों आवश्यक है किन परिस्थितियों में इसे मंजूरी दी गई। इसकी जानकारी रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने मातहत कर्मचारियों से मांगी है। 9 साल पहले क्या हुआ था? किस वजह से अंडरब्रिज स्वीकृत हुआ था।

तारबाहर से सिरगिट्टी जाने वाली सड़क पर बाइपास लाइन में अंडरब्रिज का निर्माण बाकी है। 22 अक्टूबर 2011 को तारबाहर रेलवे फाटक पारकर दूसरी तरफ जा रहे 25 से अधिक लोगों को मेमू लोकल ट्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया था इनमें से लगभग 20 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें स्कूल-काॅलेज के बच्चे भी शामिल थे। उसी समय
बिलासपुर रेल मंडल प्रशासन ने तत्काल वहां पर अंडरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव बनाकर जोनल मुख्यालय के जरिए रेलवे बोर्ड को भेजकर मंजूर कराया था। इस प्रस्ताव में सिरगिट्टी बाइपास लाइन का भी अंडरब्रिज स्वीकृत था। चूंकि सिरगिट्टी क्षेत्र में कुछ निजी जमीनों का अधिग्रहण किया जाना था इसलिए मामला अटक गया। सिरगिट्टी फाटक अब आम जनता के साथ-साथ रेलवे प्रशासन के लिए भी मुसीबत बनता जा रहा है। फाटक पर आए दिन हादसे हाे रहे हैं। 2019 में फाटक के करीब ही अलग-अलग महीनों में 3 लोगों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई थी। इसके अलावा यह
फाटक अंडरब्रिज के ओपन हिस्से से लगा हुआ है। फाटक बंद होने पर वहां पर दो पहिया और चार पहिया वाहनों की कतार लग जाती है। कभी-कभी तो लाइन अंडरब्रिज के अंदर तक लग जाती है। इसलिए अब बाइपास लाइन पर अंडरब्रिज निर्माण की ओर प्रशासन का ध्यान गया है। इंजीनियरिंग विभाग ने प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए मंजूरी संबंधी फाइल की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में
इंजीनियरिंग विभाग के एक नए अफसर ने कर्मचारियों से पूछा 9 साल पहले क्या हुआ था। इस पर कर्मचारियों ने उन्हें विस्तार से जानकारी दी। इस पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में जो भी दस्तावेज उपलब्ध हों वह एकत्र करें। बहरहाल अब बाइपास लाइन पर अंडरब्रिज निर्माण के लिए काम शुरू किया जा रहा है। जहां पर बाॅक्स डालना है वहां पर तीन या चार लाइन के बराबर
बाॅक्स डाला जाएगा ताकि भविष्य में अगर रेलवे लाइन का एक्सटेंशन किया जाए तो पर्याप्त जगह मिल जाएगी। वर्तमान में जो अंडरब्रिज बना है वह मोड़ से ही सीधे हो जाएगा। दूसरी तरफ सिरगिट्टी में निकलेगा।

तारबाहर सिरगिट्‌टी बाइपास लाइन पर अंडरब्रिज बनाया जाना है।

जनता राहत महसूस करेगी


तारबाहर सिरगिट्टी फाटक पर रोजाना जाम लगने से लाेग परेशान हैं। उनकी परेशानी हर दिन बढ़ रही है क्योंकि सिरगिट्टी क्षेत्र की आबादी तेजी से बढ़ रही है। स्कूल-काॅलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ कामकाजी महिला-पुरुष व व्यापारी इसमें शामिल हैं। इनका दिन में कई बार शहर से सिरगिट्टी आना और जाना होता है। सिरगिट्टी क्षेत्र के लोगों के साथ भी वैसा ही है। अंडरब्रिज बन जाने से सभी का समय बचेगा और वे सुरक्षित भी रहेंगे।
खबरें और भी हैं...