दोनों स्मार्ट रोड का काम धीमा, निगम कमिश्नर ने तेजी लाने के दिए निर्देश
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत जरहाभाठा रोड से गणेश चौक की ओर निर्माणाधीन स्मार्ट रोड 1 और व्यापार विहार क्रमांक 2 के निर्माण में लगातार देरी हो रही है। निगम कमिश्नर और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एमडी प्रभाकर पाण्डेय ने दोनों सड़कों का रविवार को निरीक्षण किया। व्यापार विहार सड़क के कार्य की धीमी गति लेकर उन्होंने ठेकेदार पर नाराज़गी जताई तथा समय सीमा में काम पूरा कराने कहा। ठेकेदार से पाइप लाइन के काम को जल्द पूरा कराने के साथ पेवर ब्लाक व बिजली के काम को भी जल्द कराने के निर्देश दिए।
काम का निरीक्षण करते निगम कमिश्नर।
दिव्यांग फ्रेंडली व ऑक्सीजोन बनेगा
स्मार्ट रोड में दिव्यांगों के लिए अनुकूल दिव्यांग फ्रेंडली बनाने तथा प्रस्तावित ऑक्सीजोन सड़क के लिए मार्किंग करने के भी निर्देश कमिश्नर ने दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदारों को इस बात की खास हिदायत दी कि निर्माण के दौरान जनता को तकलीफ़ और असुविधा नहीं होनी चाहिए। निर्माण के दौरान सड़क पर सतत रूप से पानी का छिड़काव करने तथा सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए।
फुटपाथ का काम 20 तक पूरा करें : मिट्टी तेल गली स्मार्ट रोड क्रमांक 2 के निरीक्षण के दौरान फुटपाथ के काम में देरी पर नाराजगी जताई और पेवर ब्लाक का काम 20 फरवरी तक पूर्ण करने कहा। साथ ही जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर लगाने कहा। इसके अलावा स्मार्ट रोड के व्यवसायिक उपयोग पर प्रतिबंध लगाने के लिए व्यवस्था बनाने तथा शेष कार्यों को 30 मार्च तक पूरा कराने के निर्देश दिए।
**