पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
मुंगेली. छत्तीसगढ़ के मुंगेली में बदमाशों ने दिन दहाड़े सरकारी स्कूल में घुसकर एक शिक्षिका का अपहरण कर लिया। वारदात के दौरान शिक्षिका कक्षा में बच्चों को पढ़ा रही थी। बदमाशों को देखकर बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बोलेरो में शिक्षिका को लेकर भाग निकले। इस पर अन्य शिक्षकों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद साइबर सेल की मदद से पुलिस ने बदमाशों का पता लगा लिया। उनकी लाेकेशन कबीरधाम होने के चलते वहां की पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो भाग निकले।
जानकारी के मुताबिक, लालपुर क्षेत्र के भालूखोंदरा स्थित शासकीय स्कूल में एक अतिथि शिक्षिका गुरुवार को कक्षा में पढ़ा रही थी। इसी दौरान चार युवक जबरदस्ती अंदर घुस आए। बदमाशों को देख बच्चों ने शोर मचाया। इस पर अन्य शिक्षिक बाहर आए, लेकिन उससे पहले ही शिक्षिका को जबरदस्ती बोलेरो में बैठाकर बदमाश भाग निकले। इसके बाद शिक्षकों ने पुलिस को सूचना दी। अपहरण की जानकारी मिलने पर पुलिस ने नाकेबंदी की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
इसके बाद साइबर सेल की मदद से शिक्षिका का मोबाइल ट्रेस किया गया, तो लोकेशन कबीरधाम जिले के बोड़ला इलाके में दिखाई दी। इसकी जानकारी कबीरधाम पुलिस को दी गई। जिले की पुलिस ने शिक्षिका को बदमाशों के चंगुल से मुक्त करा लिया। पुलिस ने दो आरोपियों रमेश कुर्रे और सूर्या अनंत को हिरासत में ले लिया है। आरोपी रमेश कुर्रे युवती से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी भी करना चाहता था। युवती के मना करने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसको अगवा कर लिया।




Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.