पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मगरपारा चौक पर एक युवक ने अपनी पत्नी की सरेराह धारदार हथियार से हत्या कर दी। महिला बचने के लिए भागती रही और उसका पति सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर वार करता रहा। इस दौरान एक युवक बचाने के लिए भी पहुंचा, लेकिन आरोपी ने उसे भी मारने का प्रयास किया। इसके बाद लोग डरकर वहां से भागने लगे। आरोपी ने अपने 11 साल के बेटे को भी मारने के लिए दौड़ाया पर वह भाग निकला। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। वारदात के बाद अारोपी फरार हो गया।
तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बीजा निवासी गोदावरी खूंटे (30) पति हरिश्चंद्र से विवाद होने के कारण चार माह पहले मायके कोरबा दर्री चली गई थी। वहां से 11 साल के बेटे के साथ बिलासपुर आ गई और सिरगिट्टी में किराए से मकान लेकर रहने लगी। इस दौरान वह मगरपारा स्थित एक निजी अस्पताल में काम करती थी। रोज की तरह गोदावरी बुधवार को अपने बेटे के साथ अस्पताल आई थी। दोपहर को उसका पति हरिश्चंद्र वहां पहुंचा और घर चलने के लिए जिद करने लगा। पहले गोदावरी ने मना किया, फिर तैयार हो गई।
तीनों अस्पताल से निकले और बातचीत करते मगरपारा चौक की ओर आ रहे थे। रास्ते में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। इस पर हरिश्चंद्र ने अपने साथ छिपाकर लाया चापड़ निकाला और पत्नी पर हमला कर दिया। वह बचने के लिए भागी तो उसे दौड़ा-दौड़ा कर सिर व शरीर में अन्य हिस्सों में वार किया। गोदावरी के सिर व बदन से खून बहने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद हरिश्चंद्र ने बेटे को मारने के लिए दौड़ाया, तो वह मगरपारा चौक की ओर भाग निकला। वारदात को अंजाम देकर हरिश्चंद्र फरार हो गया। पुलिस पहुंची और गोदावरी को लेकर सिम्स लेकर आई। यहां जांच के बाद डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मैं डर के मारे अस्पताल में जाकर छिप गया था- पिंटू
“ पिता जी मां को लेने आए थे, वह जाना नहीं चाहती थी। गाली गलौज, मारपीट करते थे। रास्ते में मां को फिर से गालियां देने लगे। उसने मना की तो पिता जी गुस्से में आ गए और मारपीट शुरू कर दी। वे अपने साथ चापड़ लेकर आए थे। उससे मम्मी को दौड़ा-दौड़ाकर मारने लगे। आसपास बहुत सारे अंकल खड़े थे पर किसी ने आकर नहीं बचाया। मुझे भी दौड़ाए तो मैं भागकर अस्पताल में चला गया और छिप गया।”
चरित्र संदेह पर दिया वारदात को अंजाम
बीजा के लोगों के अनुसार हरिश्चंद्र अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी के चलते दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। इसी के कारण पत्नी उससे अलग होकर रहने लगी थी। होली के दिन पति को उसकी याद आ रही थी। वह नशे में कई बार उसका नाम लेता रहा। गांव से वह लेने के लिए आया था पर उसे अंदेशा था कि वह नहीं जाएगी। इसलिए वह हथियार छिपाकर अपने साथ लाया था।
चौक से मंगला की ओर फिर वहां से गायब
युवक मगरपारा चौक से मंगला की ओर भागा। इस बात का पता उसके मोबाइल फोन के लोकेशन से हुई। वह बार-बार अपना मोबाइल बंद चालू कर रहा है। इससे उसका पीछा करते पुलिस को नहीं बन रहा है। एक टीम उसके गांव में घेराबंदी कर बैठी हुई है। युवक ने अपनी पत्नी को किसी तरह मारा यह घटनास्थल के पास एक लैब में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने फुटेज को जब्त कर लिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.