- Hindi News
- National
- Janjgeer News Chhattisgarh News After 20 Days The Government English School Will Open In High School No
20 दिनों बाद हाईस्कूल क्रमांक एक में ही खुलेगा सरकारी इंग्लिश स्कूल
डीएमएफ से 1 करोड़ 15 लाख रुपए की मंजूरी।
नगर के बीच में संचालित 67 साल पुराना शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक 1 बीस दिनों बाद 1 अप्रैल से अब बंद हो जाएगा। इस स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र से इंग्लिश मीडियम स्कूल संचालित किया जाएगा। हालांकि यहां अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित करने को लेकर पालक संघ ने विरोध किया था, पर सरकार ने इसी स्कूल में अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं लगाने का निर्णय लिया है। उसके अलावा सक्ती में भी एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोला जाएगा, जिसके लिए जगह का चयन हो चुका है।
जांजगीर-चांपा जिले में नए शिक्षा सत्र से अंग्रेजी माध्यम के दो स्कूल प्रारंभ किए जाएंगे। इन दोनों स्कूलों में एक अप्रैल से बच्चों की भर्ती शुरू की जाएगी। कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक ने शैक्षणिक जिला जांजगीर तथा सक्ती के जिला शिक्षा अधिकारियों सहित अन्य शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रारंभ करने के समुचित तैयारी के निर्देश दिए हैं। जिले में पहला अंग्रेजी माध्यम स्कूल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 जांजगीर और दूसरा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सक्ती में प्रारंभ किया जा रहा है।
इस दोनों अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में कक्षा पहली से तीसरी तक के अंग्रेजी हिन्दी माध्यम के किसी भी विद्यालय के बच्चों को एडमिशन दिया जाएगा। इसी प्रकार कक्षा 4 थी से कक्षा 12वीं तक अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के बच्चों को प्रवेश देने की कार्यवाही की जाएगी। इस प्रकार नये शिक्षा सत्र 2020-21 में कक्षा पहली से बारहवीं तक के बच्चों के लिए शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल खोला जा रहा है।
जानकारी मांगी कलेक्टर ने
कलेक्टर श्री पाठक ने दोनों जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि वे कक्षा पहली से 12वीं तक के बच्चों की संभावित दर्ज संख्या एवं आवश्यकता के अनुसार पर फर्नीचर ,स्वीकृत सेटअप के मुताबिक प्राचार्य, शिक्षक तथा अन्य स्टाफ की नियुक्ति लायब्रेरी हेतु आवश्यक पुस्तकें, आदि की मांग संबंधी प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें।