- Hindi News
- National
- Janjgeer News Chhattisgarh News Called On The Pretext Of Showing Copy And Drinking Tea Molesting Girls
कॉपी दिखाने और चाय पिलाने के बहाने बुलाया, बच्चियों से छेड़छाड़
जिले के दो स्कूलों में शिक्षकों ने अपनी ही छात्राओं के साथ ऐसी गंदी हरकत कर दी जिससे ना केवल पालकों का विश्वास टूटा बल्कि मर्यादा भी तार-तार हो गई। जिला मुख्यालय में संचालित हरिराम गट्टानी मेमोरियल जय भारत स्कूल में शिक्षक द्वारा अपनी ही छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने व छेड़खानी का मामला आया है। आरोपी शिक्षक छात्रा को कॉपी दिखाने के बहाने बुलाकर छेड़छाड़ करता था। दूसरा मामला बाराद्वार के शासकीय हाईस्कूल में एक शिक्षक अपनी नाबालिग छात्रा को चाय बनाने के लिए स्कूल के किचन में बुलाया और उसके साथ छेड़खानी की। मान्यताओं में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु, महेश से भी ऊंचा दर्जा दिया गया है लेकिन इन घटनाओं के बाद कोई तस्मै श्री गुरुवे नम: कैसे कहेगा।
नेताजी चौक में संचालित जय भारत स्कूल में अधिकांश शिक्षक ओडि़शा से बुलाकर रखे गए हैं। बाहरी शिक्षक साकिन जुरिया, पोस्ट लोहासिंगा निवासी सत्यभूषण मेहर का स्कूल की एक छात्रा से लगाव हो गया। वह छात्रा को अपने प्रेम का इजहार भी करने लगा। उसे अकेले में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत भी करने लगा था। टीआई विनोद मंडावी के अनुसार दिसंबर 2019 को जय भारत स्कूल के आरोपी शिक्षक सत्यभूषण मेहर ने पीड़िता और उसकी दो सहेलियों को कॉपी दिखाने के बहाने बुलाया। इसके बाद उसने दो छात्राओं को बाहर भेज दिया तथा पीड़िता के साथ छेड़खानी की। उसने कॉपी में छात्रा के लिए ऐसे शब्द लिखे जो आपत्तिजनक थे। इसके बाद भी उसने जबरन उसके साथ अव्यवहारिक हरकत कर दी। मार्च में फिर आरोपी शिक्षक ने उसे बुलाकर वैसी ही हरकत की तो पीड़िता ने घरवालों को इसकी जानकारी दी। आखिरकार पीड़िता अपने पिता के साथ पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
किसी भी शिक्षक का नहीं पुलिस वेरिफिकेशन
जय भारत स्कूल में कितने शिक्षक ओडिशा के हैं, यह मैनेजमेंट के अध्यक्ष अजय गट्टानी को पता नहीं है, पर उनका कहना है कि अधिकांश वहीं के हैं। आश्चर्य की बात तो यह है कि लंबे समय से यहां पर बाहरी शिक्षक पढ़ा रहे हैं किंतु अभी तक मैनेजमेंट ने किसी भी स्टाफ की जानकारी पुलिस को नहीं दी है। कोतवाली थाना में इनका कोई रिकॉर्ड 12 मार्च तक तो नहीं दिया गया था।
अजय गट्टानी, डायरेक्टर, जयभारत स्कूल जांजगीर
पहले भी हुई थी शिकायत लेकिन स्कूल प्रबंधन ने गंभीरता से नहीं लिया इसलिए बढ़ी हिम्मत
टीआई श्री मंडावी के अनुसार पीड़िता ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी अपने घरवालों को दी पहले स्कूल जाकर संबंधित शिक्षक को समझाइश देने के लिए गए थे और स्कूल के जिम्मेदार को भी घटना की जानकारी दी गई थी, इसके बाद भी शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इससे स्पष्ट है कि यदि स्कूल के जिम्मेदार ऐसे शिक्षक पर पहले ही कार्रवाई कर देते तो दोबारा संबंधित छात्रा के साथ अप्रत्याशित घटना नहीं होती, लेकिन स्कूल के जिम्मेदार ने पालक की शिकायत को नजरअंदाज कर दिया। जिसके कारण छात्रा के साथ घटना की पुनरावृत्ति हो गई।
चाय बनाने के लिए छात्रा को बुलाया और करने लगा गंदी हरकत, शिक्षक जेल दाखिल
बाराद्वार | ग्राम खम्हरिया में 7 मार्च के दिन गांव के शासकीय हाई स्कूल के शिक्षक द्वारा कक्षा 9वीं की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने 15 दिनों का रिमांड लिया है। बाराद्वार पुलिस के अनुसार 7 मार्च को शासकीय हाई स्कूल खम्हरिया में शिक्षक एचपी दिनकर द्वारा कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली छात्रा को चाय बनाने के बहाने कमरे में बुलाया। छात्रा के साथ उसकी एक सहेली भी आई। दोनों चाय बनाने लगे तो पहले से ही बदनीयत शिक्षक एचपी दिनकर ने दूसरी छात्रा को तुलसी पत्ती लाने के लिए भेज दिया। शिक्षक की बात मानकर पीड़िता की सहेली तुलसी पत्ती लेने चली गई। इस दौरान आरोपी शिक्षक एचपी दिनकर ने छात्रा से छेड़खानी शुरू कर दी।
स्कूल जाना बंद किया छात्रा ने तो पता चला मामले का - अपने शिक्षक की अश्लील हरकत से छात्रा परेशान हो गई, उसने घटना के बाद स्कूल जाना बंद कर दिया। कई दिनों तक स्कूल नहीं जाने को लेकर परिजनों ने छात्रा से पूछताछ की, तो छात्रा ने स्कूल जाने से ही मना कर दिया और कारण जानने पर घटना की जानकारी अपने घरवालों को दी।
आरोपी शिक्षक
आरोपी शिक्षक
समझौता करने के लिए मनाने की कोशिश
एएसपी मधुलिका सिंह के अनुसार स्कूल मैनेजमेंट ने स्कूल की बदनामी के डर से पीड़िता के घरवालों को समझौता के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया, इस बात का हवाला दिया कि स्कूल के साथ छात्रा की भी परेशानी बढ़ेगी इसलिए मामले को अापस में निपटा लें। जानकारी एएसपी को दी तो उन्होंने इस बात की जानकारी लिखित में मांगी। अब परिवार ने सीधे एफआईआर करा दी।