- Hindi News
- National
- Janjgeer News Chhattisgarh News Now Apply Till 12 March Jee Exam Will Be Done In April
अब 12 मार्च तक आवेदन लेंगे, अप्रैल में होगी जेईई की परीक्षा
देश के 23 आईआईटी, 31 एनआईटी, 23 ट्रिपल आईटी सहित जीएफटीआई पर प्रवेश परीक्षा के लिए छात्रों के पास 12 मार्च तक दूसरा मौका है। जेईई मेन अप्रैल के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 मार्च को समाप्त हो जाएगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने देश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए ली जाने वाली जेईई मेन के आवेदन की तारीख को बढ़ा दिया गया है। अब उम्मीदवार 12 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 मार्च निर्धारित की गई थी। एनटीए ने यह बदला हुआ शेड्यूल जारी कर दिया है। 13 से 16 मार्च तक करा सकेंगे आवेदन में सुधार - जेईई मेन ऑनलाइन एग्जाम 5, 7, 9 और 11 अप्रैल को होगा। रिजल्ट 30 अप्रैल को जारी होगा। जेईई मेन जनवरी और जेईई मेन अप्रैल के एनटीए के आधार पर रैंक लिस्ट जारी होगी। जेईई मेन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जेईई एडवांस में बैठने का मौका मिलेगा। 2.50 लाख अभ्यर्थियों का चयन जेईई एडवांस के लिए होगा। अप्रैल जेईई मेन 2020 परीक्षा के बाद दोनों के स्कोर के आधार पर रैंकिंग तय की जाएगी।
जेईई एडवांस्ड का ब्रोशर जारी, आवेदन 1 मई से
जेईई एडवांस्ड परीक्षा का ब्रोशर शुक्रवार को जारी कर दिया गया। ब्रोशर को स्टूडेंट्स आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर देख सकते हैं। जेईई एडवांस्ड परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 मई 2020 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। वहीं, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 मई को शाम 5 बजे तक चलेगी। फीस भुगतान की अंतिम तारीख 7 मई शाम 5 बजे तक होगी। जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन 3 चरण में पूरा होगा। पहले चरण में बेसिक रजिस्ट्रेशन होगा, वहीं दूसरे चरण में डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे और तीसरे चरण में फीस का भुगतान होगा। स्टूडेंट्स 12 से 17 मई के बीच अपने एडमिट कार्ड jeeadv.ac.in वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
सीबीएसई: ऑनलाइन देख सकते हैं स्कूलों की मान्यता
बोर्ड परीक्षाओं के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मान्यता से संबंधित नियमों में सख्ती कर दी है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि, जिस स्कूल को मान्यता नहीं मिली होगी, उसके बच्चों को किसी भी सूरत में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं दिया जाएगा। सीबीएसई हर साल ऐसे बच्चों को राहत देता आया है, जो स्कूल की मान्यता न होने की वजह से परीक्षा से वंचित रह सकते थे। इस बार बोर्ड ने मान्यता का नियम सख्ती से लागू कर दिया है। यानी अगर किसी गैर मान्य स्कूल में कोई बच्चा पढ़ता है, तो किसी भी सूरत में वह बोर्ड परीक्षा नहीं दे पाएगा। बोर्ड की एफिलिएशन से जुड़ी वेबसाइट पर स्कूल का स्टेटस देखा जा सकता है। पेरेंट्स स्कूल का एफीलिएशन cbseaff.nic.in/cbse_aff/welcome.aspx पर चेक कर सकते हैं।