- Hindi News
- National
- Janjgeer News Chhattisgarh News School Students Were Made Aware Of The Symptoms And Prevention Of Corona Virus
कोरोना वायरस के लक्षण व बचाव के उपाय पर स्कूली विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
चीन से शुरू होकर विश्व के करीब 90 से भी अधिक देशों में तेजी से फैल चुके नोबेल कोरोना वायरस भारत में भी प्रवेश कर चुका है। इस भयानक बीमारी से डरने की नहीं बल्कि जागरूक रहकर बचाव के उपाय करने की जरूरत है।
उक्त बातें नवागढ़ ब्लाक के शासकीय पूर्व मा. शाला नवापारा (अमोदा) के डिजिटल कक्ष में 11 मार्च बुधवार को आयोजित नोबेल कोरोना वायरस के लक्षण व बचाव कार्यशाला में शैक्षिक समन्वयक अनिल कुमार पाण्डेय ने कही। इस दौरान राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक राजेश कुमार सूर्यवंशी ने स्कूल के सभी बच्चों व समुदाय के लोगों को डिजिटल कक्ष में कोरोना वायरस आधारित विडियो दिखाते हुए विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कोरोना वायरस के लक्षण के संबंध में उन्होंने बताया कि सिरदर्द, खांसी, मांसपेशियों में दर्द, सांस लेने में परेशानी, बुखार व थकान जैसे प्रारंभिक लक्षण डाक्टरों द्वारा बताये जा रहे है। कार्यशाला में नवाचारी शिक्षक राजेश कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जागरूक रहना ही इससे बचने का सबसे बड़ा उपाय है। उन्होंने बताया अपना हाथ बार-बार धोना चाहिए, अगर हम खांस या छींक रहे है तो हमें मास्क पहनना चाहिए, पालतू पशुओं से दूर रहे, भीड़ भाड़ वाले जगहों पर जाने से बचे, धूप में अधिक से अधिक रहने की कोशिश करें तथा किसी भी प्रकार से शारीरिक परेशानी आने पर अस्पताल जाकर डाक्टरों को दिखाये। प्रधान पाठक कन्हैया लाल मरावी ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर हम सबको सचेत होना बहुत जरूरी है। भारत में अभी तक ज्यादा केस नहीं है, लेकिन यह बीमारी बहुत तेजी से फैल रही है।
कोरोना वायरस की जानकारी देते शिक्षक।