- Hindi News
- National
- Dhamtari News Chhattisgarh News Doctors Leave Canceled Examinations Postponed In College All Gyms Will Be Closed Till 31
डॉक्टरों की छुट्टी रद्द, काॅलेज में टाली गईं परीक्षाएं, 31 तक सभी जिम भी बंद रहेंगी
कोरोना वायरस को रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट है। जिले के सभी डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। राज्य सरकार ने स्कूल और कॉलेज में 31 मार्च तक छुट्टी की घोषणा कर दी है। इससे डिग्री कॉलेज की परीक्षाएं भी प्रभावित हुई हैं। शुक्रवार को आंगनबाड़ियों के अलावा पुस्तकालय, जिम, स्वीमिंग पूल बंद करने के आदेश जारी किए गए। नौवीं, 11वीं के साथ स्कूलों की परीक्षाएं 31 मार्च तक स्थगित कर दी गई हैं। वहीं सभी दफ्तरों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस बंद कर रजिस्टर से हाजिरी भरी जा रही है। आशंका है कि इस सिस्टम से भी वायरस फैल सकता है। इस वजह से इसका उपयोग बंद कराया जा रहा है।
घर-घर सर्वे कर रहे स्वास्थ्यकर्मी: नगरी ब्लाॅक के वनांचल के गांवों में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं। सर्दी, जुकाम सहित वायरल फीवर के मरीज ढूंढ़कर उन्हें दवाएं दे रहे हैं। मरीजों से विदेश या देश में कहीं आने जाने के संबंध में पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि जिले के कोई भी व्यक्ति विदेश से लौटने की जानकारी नहीं आई है। वायरल फीवर के मरीजों को जागरूक कर संक्रमित बीमारियों की जानकारी दी जा रही है। बीते 2 दिनों से शहर के अधिकांश निजी और सरकारी अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार है। जिला अस्पताल में रोज की ओपीडी 500 से पार हो रही है। डॉक्टर मरीजों पर विशेष नजर रख रहे हैं।
सेनेटाइजर और एन-95 मास्क की कालाबाजारी: कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों में सेनेटाइजर और एन-95 मास्क की मांग बढ़ गई है। शहर के अधिकांश मेडिकल दुकानों में इसके स्टॉक लगभग खत्म हो गए हैं। जिनके पास हैं, वे मनमानी कीमत पर बेच रहे है। भास्कर ने 3 मेडिकल दुकान में जाकर एन-95 मास्क का भाव पूछा। दुकानदारों ने शॉर्टेज के कारण 200 से 300 रुपए तक बढ़े हुए रेट में बेचने की बात कही।
शहर में मास्क की जमाखोरी शुरू हो गई है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि मास्क की जगह मुंह पर रुमाल बांधकर भी बचाव किया जा सकता है। इसके अलावा सेनेटाइजर की साबुन से हाथ धोना भी प्रभावी है।
विदेश से आने वालों पर विशेष नजर: सीएमएचओ
सीएमएचओ डॉ. डीके तुर्रे ने बताया कि विदेशों से आने वालों की जानकारी भी मांगी हैं। ताकि उनके सैंपलों की जांच कराई जा सके। हालांकि अब तक जिले में इस तरह के एक भी संदिग्ध मरीज नहीं मिले हैं।
कॉलेज में प्रथम, द्वितीय वर्ष की परीक्षा ही टली
डीईओ बिपिन देशमुख ने बताया कि 31 मार्च तक स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। शुक्रवार को 9वीं, 11वीं की परीक्षाएं भी स्थगित करने का आदेश आया है। सिर्फ 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं होती रहेंगी। सभी प्राचार्यों को माशिमं का आदेश वाट्सएप के जरिए भेजा है। बीसीएस पीजी काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. सीएस चौबे ने बताया कि पं. रविवि की 14 से 31 मार्च तक होने वाली स्नातक भाग एक और दो व स्नातकोत्तर पूर्व की परीक्षाएं स्थगित की गईं हैं। स्नातक अंतिम व स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की परीक्षाएं यथावत होंगी। स्थगित परीक्षाओं के टाइम-टेबल की जानकारी दी जाएगी।
अगर शहर में फिटनेस सेंटर खुले मिले तो कार्रवाई
निगम कमिश्नर आशीष टिकरिहा ने बताया कि जिम के संचालकों को 31 मार्च तक इसे बंद करने का आदेश दिया गया है। लाइब्रेरी भी बंद करवा दी गई है। यदि फिटनेस सेंटर खुलते हैं, तो सख्त कार्रवाई होगी।
दफ्तरों में अब बायोमेट्रिक मशीन नहीं, रजिस्टर से लग रही हाजिरी
कलेक्टोरेट में बायोमैट्रिक सिस्टम बंद होने की सूचना चस्पा की गई है।
धमतरी. स्वास्थ्य कार्यकर्ता नगरी के वनांचल क्षेत्र के गांव-गांव जाकर सर्दी, जुकाम वाले मरीजों का सर्वे कर उन्हें जागरूक कर रहे हैं।