- Hindi News
- National
- Dhamtari News Chhattisgarh News If The Eviction Action Is Not Stopped From The Land The Tribals Will Surround The Ministry
जमीन से बेदखली की कार्रवाई नहीं रोकी तो आदिवासी घेरेंगे मंत्रालय
केरेगांव परिक्षेत्र के 5 गांवों के लोगों ने बेदखली के डर से कलेक्टोरेट आकर वन अधिकार पट्टा मांगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा खेतिहर जमीन से बेदखली की कार्रवाई की जा रही है। यह जमीन नहीं मिली तो उनके सामने भूखे मरने की नौबत आएगी। इस जमीन पर वर्षों से खेती कर रहे हैं। बेदखली की कार्रवाई नहीं रोकी गई तो सिंगपुर से रायपुर तक आदिवासी परिवार के एक हजार लोग पदयात्रा कर मंत्रालय का घेराव करेंगे।
गोवर्धन मरकाम, दुकालू कोर्राम, प्रेमसिंग मरकाम, धनसुख मंडावी, घुरवाराम, राजाराम कुंजाम, प्रमिला बाई, पूरण बाई, कुलेश्वरी आदि ने कहा कि ग्राम डोकाल, ब्राम्हणबाहरा, पंडरीपानी, खड़ादाह, कुरमाझर में 102 से अधिक आदिवासी परिवार हैं। सभी 25-26 वर्षों से वन क्षेत्र कक्ष क्रमांक 125, 126, 135, 148 में कब्जा कर खेती किसानी कर रहे हैं, जिससे वन विभाग द्वारा बेदखल किया जा रहा है। कलेक्टर से बेदखल की कार्रवाई रोकने की मांग की है। वन भूमि पर कब्जा कर खेती कर रहे। हर साल धान की फसल ले रहे। राजस्व ग्राम कोर्रा के लोगों को मजूदरी देकर काबिज भूमि में बनाए गए मेढ़ को तोड़ा जा रहा है।
आमानाला के पानी से होती है सिंचाई
एकता परिषद के जिला समन्वयक मंगलूराम जगत ने कहा कि गांव का यह जमीन सिंचित क्षेत्र में आता है। यहां केरेगांव के नीचे आमानाला का पानी पहुंचता है। पूर्व में अधिकारी ने इसी काबिज जमीन का पट्टा देने की बात कही थी, लेकिन अब पट्टा देने के बदले उस जमीन से ही बेदखल किया जा रहा है। जल्द इस ओर पहल नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे।
धमतरी. पट्टा मांगने के लिए केरेगांव परिक्षेत्र के आदिवासी परिवार पहुंचे कलेक्टोरेट।