- Hindi News
- National
- Dhamtari News Chhattisgarh News Madhuban Dham Will Be Developed On The Lines Of Amarkantak
अमरकंटक की तर्ज पर मधुबन धाम का किया जाएगा विकास
भगवान श्रीराम अपने वनवास के दौरान जिले के राजिम के लोमश ऋषि आश्रम, मगरलोड के मधुबन धाम, रूद्री और सिहावा के श्रृंगी ऋषि आश्रम में कुछ समय बिताए थे। इन चारों स्थान को विकसित करने के लिए गुरुवार को मुख्य सचिव आरपी मंडल स्वयं अफसरों के साथ मधुबन धाम आए। ग्रामीणों से चर्चा कर मंदिर सहित आसपास इलाके का निरीक्षण किया। पर्यटन मंडल के सचिव अलबलगन, मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी से 10 दिन के अंदर योजना बनाकर रिपोर्ट मांगी है।
मुख्य सचिव आरपी मंडल ने कहा कि नर्मदा नदी के उद्गम स्थल अमरकंटक की तर्ज पर महानदी के उद्गम स्थल पर बेहतर काम कराए जाएंगे। उन्होंने सिहावा में ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं। सिहावा में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए।
मधुबन धाम में होंगे ये काम : मधुबन धाम में पेयजल सुविधा के लिए पानी टंकी, तालाब का सौंदर्यीकरण, उद्यान एवं गार्डन का विकास, श्रीराम चरितमानस का लेख के लिए श्रीराम दीवार का निर्माण, शौचालय, विश्रामगृह, यात्रियों के ठहरने के लिए समरसता भवन, अंडर ग्राउंड नाली निर्माण, नील नदी में स्टॉप डेम का काम किया जाएगा।
5 लाख का दिया चेक: पीडब्यूडी रेस्ट हाउस में राइस मिलर्स एसोसिएशन धमतरी के पदाधिकारियों ने मुख्य सचिव आरपी मंडल से मुलाकात की। सुपोषण अभियान के तहत कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने 5 लाख रुपए का चेक दिया। मुख्य सचिव ने कुपोषण मिटाने के लिए जिले में राइस मिलर्स द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया। इस दौरान कलेक्टर रजत बंसल, एसपी बीपी राजभानू, जिपं सीईओ नम्रता गांधी सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी
उपस्थित थे।
प्रदेश के 51 स्थानों को किया जाएगा विकसित
मुख्य सचिव आरपी मंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री के मंशानुसार छत्तीसगढ़ के 70 धार्मिक एवं सांस्कृति तथा पर्यटन स्थल में से 51 स्थलों का चयन किया गया है। इन जगहों में सुविधाएं विकसित करना पहली प्राथमिकता में शामिल रहेगा। मधुबन धाम परिधि के तहत सभी रास्ते और उसके प्रमुख स्थलों पर भी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मगरलोड. मधुबन धाम में ग्रामीणों से चर्चा करते मुख्य सचिव आरपी मंडल।