- Hindi News
- National
- Jashpur News Chhattisgarh News 6 Lakh 76 Thousand Rupees Withdrawn From Excise Inspector39s Account In 18 Times
आबकारी निरीक्षक के खाते से 18 बार में निकाल लिए 6 लाख 76 हजार रुपए
कांसाबेल में पदस्थ आबकारी निरीक्षक के खाते से बदमाशों ने 6 लाख से अधिक की रकम पार कर दी। आबकारी निरीक्षक खगेश्वर साय इन दिनों ड्यूटी के सिलसिले में कांसाबेल में एक किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि नया एटीएम मशीन होने की वजह से वे जब भी एसबीआई एटीएम में रुपए निकालने जाते थे तो वहां तैनात दो गार्ड की मदद लिया करते थे।
7 फरवरी को खगेश्वर साय कांसाबेल के एसबीआई के एटीएम से 20 हजार रुपए निकाले थे। इस दौरान उन्होंने एटीएम में तैनात एक गार्ड से मदद ली थी। इसके बाद एक दिन दोनों गार्ड उनके घर पहुंच गए। घर मे बैठ कर तीनों ने शराब पी। तुमला पुलिस से की गई शिकायत में आबकारी निरीक्षक का आरोप है कि दोनों गार्डों ने उनसे उनका आधार नंबर ले लिया और मोबाइल ले कर भी कुछ छेड़छाड़ किया था। दोनों गार्डों की इस हरकत पर उन्होंने तत्काल कुछ ध्यान नहीं दिया। मामले की भनक उनको 29 फरवरी को उस वक्त मिली जब वे 20 हजार निकलने के लिए एटीएम पहुंचे। एक बार फिर गार्ड की मदद से कार्ड को स्वाइप करने पर खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने का संदेश देते हुए रुपए नहीं निकले। इस पर उन्होंने मिनी स्टेटमेंट निकाला जिसमे उनके खाते में मात्र 84 रुपए शेष बचा हुआ था। खाते का बैलेंस को देखकर उनके होश उड़ गए। गनझियाडीह स्थित अपने बैंक खाते से विवरण निकालने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई ट्रांजेक्शन का प्रयोग करते हुए 18 बार मे कुल 6 लाख 76 हजार रुपए ऑनलाइन निकाल लिए है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तुमला पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।