- Hindi News
- National
- Jashpur News Chhattisgarh News Case Filed Against Three Villagers Active In Cattle Thief Gang In Charkhapara
चरखापारा में मवेशी चोर गिरोह सक्रिय तीन ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज
पत्थलगांव के नजदीक चरखापारा में मवेशी बाजार होने से पशु चोर गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है। रात होते ही मवेशी चोरी की वारदात को अंजाम देकर चले जाते हैं। चरखापारा में पुलिस ने एक मामले में तीन ग्रामीणों के खिलाफ मवेशी चोरी का मामला दर्ज किया है।
धरमजयगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चरखापारा निवासी भुवनराम पिता बीरो यादव 10 मार्च की सुबह अपने 2 नग बैल को चरने के लिए घर से छोड़ा था। दोपहर लगभग 2 बजे गांव के दूसरे किसान रोहित पिता लीलामणी एवं जोगेंद्रो राम पिता बलकद ने देखा कि प्रीतराम अपने दो साथी सूरज राठिया एवं रेवानंद यादव के साथ उसके दोनों बैल सहित सत्रह नग बैल को चोरी कर हांकते हुए धरमजयगढ़ की तरफ ले जा रहा था। किसानों ने बैल मालिक को बैल चोरी होने की सूचना दी। जिसके बाद अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर जाकर बैल को
छुड़ाया गया।
चरखापारा बना मवेशी तस्करी का अड्डा
जशपुर और रायगढ़ जिले की सीमा पर स्थित चरखापारा मवेशी बाजार होने की वजह से हर सप्ताह भारी संख्या में मवेशियों की खरीद बिक्री होती है। इससे गौ तस्कर व पशु व्यापारियों का जमावड़ा लगा रहता है। बताया जाता है कि चरखपारा मवेशी बाजार में भारी संख्या में मवेशी तस्करों व गोवंश चोरी से जुड़े लोगों हर सप्ताह मवेशियों की जमकर खरीद बिक्री व अफरा-तफरी करते हैं। इन सब वारदात का मुख्य केंद्र चरखापारा, सिसरिंगा व धरमजयगढ़ बना हुआ है। गोवंश चोरों व गौ तस्करी करने वालों को शह देने के नाम पर अवैध उगाही को अंजाम दिया जा रहा है चरखा पारा मवेशी बाजार पंजीकृत होने की वजह से यहां चोरी का पशु समेत अन्य गैरकानूनी रूप से लाए गए मवेशियों को खपाने का खेल बदस्तूर जारी है।