जरिया से चड़िया तक निकाली गई पदयात्रा
भास्कर संवाददाता | जशपुरनगर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनके संदेशों को जन-जन तक पहुुंचाने के उद्देश्य से जशपुर जिले के गांव-गांव में गांधी विचार पदयात्रा निकाली जा रही है। शुक्रवार काे जशपुर विधायक विनय भगत ने मनोरा ब्लाॅक के ग्राम जरिया में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर गांधी विचार पदयात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनपद सदस्य संजीव कुमार भगत, नरेन्द्र जैन एक्क, जयराम भगत, शबीर अंसारी सहित आस-पास के गांव के सरपंच, पंचगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं बडी संख्या में ग्रामीण जन शामिल थे।
विधायक विनय भगत की अगुवाई में निकली गांधी विचार यात्रा जरिया से बरमटोली, बुमतेल, डुमरटोली होते हुए चड़िया में समाप्त हुई। इस दौरान उक्त गांवों में ग्राम सभा का आयोजन हुआ। जहां विधायक विनय भगत सहित अन्य वक्ताओं ने गांधी जी के जीवन और संदेश काे बताया। उन्होंने लोगों से समाज और देश के उत्थान के लिए गांधी जी के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
पदयात्रा के दौरान गांधी जी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति भी पदयात्रा मे शामिल लोगों ने दी। पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिला समूह से जुड़ी महिलाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया।
10 मोहल्लों से होकर गुजरी गांधी विचार यात्रा
भास्कर संवाददाता | जशपुरनगर
महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर शुरू पर हुई कांग्रेस की गांधी विचार यात्रा शनिवार को शहर के दस मोहल्लों से होकर गुजरी। शहर में नगरपालिका अध्यक्ष हीरू राम निकुंज की अगुवाई में निकली इस यात्रा ने मधुनबनटोली, बालाजी मंदिर कॉलोनी, महापात्रै कॉलोनी, कल्याण आश्रम, खजांची टोली, कन्या हाईस्कूल एरिया, बंगाली कॉलाेनी, जेल के पीछे की कॉलोनी, बसंत बिहार, साईं मंदिर कोर्ट कॉलोनी, भागलपुर रोड आदि इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान कांग्रेस नेता अनिल किसपोट्टा, पार्षद किरण कांति सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
गांधी विचार यात्रा में शामिल कांग्रेसी।
गांधी विचार यात्रा में शामिल कांग्रेसी