पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jashpur News Chhattisgarh News Fear Of Corona Mask Every Patient Of Cold Cough Isolation Ward Opened In Hospital

कोरोना का डर, सर्दी-खांसी के हर मरीज को मास्क, अस्पताल में खोला आइसोलेशन वार्ड

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोरोना अलर्ट

नोवल कोरोना वायरस को लेकर लोगों में जागरूकता देखी जा रही है। शहर में कई लोग मास्क लगाकर घूम रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल पहुंचने वाले सर्दी-खांसी के हर मरीज को मास्क दिया गया है। ताकि जुकाम का वायरस ज्यादा ना फैले। क्योंकि कोरोना वायरस के कारण जो माहौल निर्मित हुआ है उसमें सर्दी व खांसी का हर मरीज इस मामूली सी बीमारी से डर गया है और लोग मरीज को शक भरी निगाह से देख रहे हैं। हालांकि जशपुर जिले में कहीं भी किसी भी मरीज में कोरोना वायरस से ग्रसित होने के कोई लक्षण अबतक नहीं मिले हैं। जांच के लिए एक भी स्लाइड बाहर नहीं भेजी गई है।

वर्तमान में बार-बार हो रही बारिश, दोपहर में गर्मी व सुबह-शाम पड़ रही ठंड के कारण अधिक संख्या में लोग बीमार पड़ रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के लिए मरीजों की लाइन लगी हुई थी। एक दिन में ओपीडी में 450 से अधिक मरीजों ने उपचार कराया।

अधिकांश मरीज सर्दी-खांसी व मौसमी बुखार से पीड़ित थे। डॉक्टरों के मुताबिक सर्दी खांसी की समस्या के लिए मौसम जिम्मेदार है। पर कोरोना वायरस में खांसी व नाक बहने की समस्या होती है। यही वजह है कि हम सर्दी खांसी के हर मरीज को विशेष सावधानी बरतते हुए इसे फैलने से रोकने की सलाह दे रहे हैं। क्योंकि सिर्फ जुकाम व खांसी से भय का वातावरण निर्मित हो रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले हर मरीज को संक्रमण से बचने के लिए मास्क दिया गया है। पर अब स्टॉक में ज्यादा मास्क नहीं बचे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक जशपुर में कोरोना वायरस को लेकर बेवजह डरने की कोई जरूरत नहीं है। पर सावधानी भी उतरी ही जरूरी है। कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले के सभी स्कूल व कॉलेज सरकारी आदेश पर 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।

मास्क का करें उपयोग

मास्क यदि आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है तो कपड़े के मास्क का उपयोग भी कर सकते हैं। आरएमओ डॉ.अनुरंजन टोप्पो ने बताया कि सफेद व साफ कपड़े को दो बार मोड़कर उससे चेहरा व नाक ढंककर बांध लें। इस मास्क को प्रतिदिन धोएं

और गर्म पानी में डुबोकर ही घर में रखें।

मास्क का 10 गुना बढ़ा दाम

कोरोना वायरस के कारण मास्क की डिमांड अचानक से बढ़ गई है। दवा दुकान विक्रेता मास्क की दस गुना अधिक कीमत वसूल रहे हैं। दस रुपए में मिलने वाला सिंगल यूज मास्क अब 90 से 110 रुपए में मिल रहा है। दवा विक्रेताओं का कहना है कि जहां से वे माल मंगा रहे हैं वहां ही कीमत बढ़ा दी गई है।

आदेश के बाद भी जिले के कई स्कूल खुले

कोरोना वायरस को लेकर जहां प्रदेश सरकार सहित पूरे देश में अलर्ट जारी किया गया है, वहीं जशपुर जिले के स्कूलों में इसका कोई प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है। 31 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज व प्रशिक्षण संस्थाओं को बंद रखने कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। लेकिन जिला मुख्यालय स्थित संत पॉल स्कूल में शुक्रवार को भी कक्षाएं लगी। इसी तरह जिले के कई स्थानों से स्कूलों का संचालन हो रहा है।

कोरोना वायरस को लेकर जतरा मेला स्थगित

कोरोना वायरस को लेकर बरती जाने वाली सावधानी के तहत पारंपरिक जतरा मेले का आयोजन स्थगित कर दिया गया है। वर्तमान में पंडरीपानी में मेला लगा हुआ है। फरसाबहार एसडीएम एसएन भगत ने आदेश जारी कर इस आयोजन पर राेक लगा दी है। एसडीएम ने बताया कि जतरा मेले में भी भीड़ जुटती है। ऐसे सभी आयोजन स्थगित किए जा रहे हैं जहां लोगों की भीड़ जुटनी हो। इसलिए जतरा मेले पर भी रोक लगा दी गई है। जतरा मेले के लिए पंडरीपानी में झूले लग चुके थे, दुकानें सज चुकी थी। इस मेले का ग्रामीणों को साल भर से इंतजार होता है।

जशपुर में सावधानी की बड़ी वजह यहां का मौसम

कोराेना वायरस को लेकर जशपुर में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। क्योंकि जशपुर, झारखंड और ओडिशा से लगा हुआ है। ओडिशा सीमा से लगे गांव के लोग मजदूरी व रोजगार के लिए महानगरों में पलायन करते हैं। अब जब लगभग सभी संस्थानों में कोरोना वायरस के लिए छुट्‌टी दे दी जा रही है तो सभी लोग अपने-अपने घर लौट रहे हैं। इसके अलावा शहर सहित आसपास के गांव के स्टूडेंट्स कॉलेज की पढ़ाई के लिए महानगरों में रह रहे हैं। वे भी छुटि्टयों में घर लौट रहे हैं। इसके अलावा जशपुर के मौसम की खूबी कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अनुकूल है। जानकारों के मुताबिक जशपुर में सघन आबादी नहीं है। हर मकान एक दूसरे से निश्चित दूरी पर हैं। गांव में तो बस्तियों की दूरी और अधिक है। सड़कों पर ऐसी भीड़ नहीं, ट्रैफिक जाम की कोई समस्या नहीं है। इसलिए यदि शहर में वायरस से पीड़ित कोई आ भी जाए तो आसानी से इसके संक्रमण को रोका जा सकता है।

सेनेटाइजर के दाम बढ़े

बाजार में अचानक से सेनेटाइजर की डिमांड बढ़ गई है। कई स्कूलों में बच्चों को सेनेटाइजर से हाथ धोने जैसे सावधानी सिखाई गई है। लोग बाजार में सेनेटाइजर खरीदने जा रहे हैं पर सेनेटाइजर की कीमत सुनकर होश उड़ जा रहे हैं। 400 से 600 रुपए में सेनेटाइजर बेचा जा रहा है। यहां भी विक्रेताओं की दलील यही है कि सेनेटाइजर मिल नहीं पा रहा है। तो डिटॉल या सेवलॉन जैसे लिक्विड को गर्म पानी में घोलकर पतला कर लें। यह सेनेटाइजर के काम आएगा। इसके अलावा कोई भी अल्कोहल युक्त लिक्विड का घोल बनाकर उसे इस्तेमाल में ला सकते हैं।

आइसोलेशन वार्ड खुला - कोरोना वायरस के लक्षण यदि किसी मरीज में पाए जाते हैं तो उसे अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। इसके लिए अस्पताल में अलग से वार्ड तैयार कर लिया गया है। हालांकि अबतक एक भी मरीज को यहां भर्ती करने की जरूरत महसूस नहीं हुई है।


अस्पताल में मरीजों की लगी लाइन, अधिकांश मरीजों ने मास्क लगाया है
खबरें और भी हैं...