- Hindi News
- National
- Pathalgaon News Chhattisgarh News Illegal Mining Of Black Stone Increased Concern Of Villagers
काले पत्थर के अवैध खनन से ग्रामीणों की बढ़ी चिंता
शहर के करीब ग्राम बटुराबहार से होने वाली काले पत्थर की तस्करी से अब ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है। दिन में कई बार हो रही अवैध ब्लास्टिंग से ग्रामीणों के मकान मे दरारें आने लगी हैं। ग्रामीण अपनी जान मान की सुरक्षा को लेकर भयभीत व चिंतित हैं।
बटुराबहार के पत्थर खदान से एक दर्जन से भी अधिक क्रशर संचालक काले पत्थरों के लिए अवैध उत्खनन कर रहे हैं। इसके लिए आदिवासी किसानों को गुमराह कर उनकी जमीन को किराए में लेकर पत्थर निकालने का काम किया जा रहा है। जबकि क्रशर संचालक किसी भी जमीन से बिना राजस्व अनुमति के लिए खनन नहीं कर सकते, लेकिन बटुराबहार के आस-पास के क्रशर संचालक बटुराबहार के किसानों की जमीन से दिनरात काला पत्थर निकालकर राजस्व को एक बडा नुकसान पहुंचा रहे हैं।
बटुराबहार के पूर्व सरपंच अमरजीत बाज ने भी अवैध उत्खनन पर अपनी आपत्ति दर्ज की है। उन्होंने बताया कि ये हमेशा से बटुराबहार से होने वाले काले पत्थर के अवैध उत्खनन का विरोध करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्रशर संचालक आदिवासी किसानों की जमीन को किराए में लेकर दिन रात सैकड़ों टन पत्थर का अवैध उत्खनन कर रहे हैं और पत्थर से गिट्टी बनाकर उसे ऊंचे दर पर बेचने हैं।
जनप्रतिनिधि करेंगे आंदोलन
सरपंच जयसिंह पैंकरा ने भी काले पत्थरों के अवैध उत्खनन पर जल्द ही रोक लगाने के लिए खनिज विभाग के अधिकारियों से शिकायत की है। आपत्ति दर्ज करने के बाद भी यदि खनिज विभाग के अधिकारी अवैध उत्खनन करने वाले लोगो पर कार्रवाई नहीं करते है तो बहुत जल्द ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि भी पत्थर खदानों के करीब आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि क्रशर संचालक नियमों को ताक मे रखकर रात के दौरान अवैध ब्लास्टिंग का काम करते है। जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। ब्लास्टिंग की आवाज से ग्रामीण अब अपने घर में रहने से भी डरने लगे हैं।
बटुराबहार से निकलने वाले पत्थर की अवैध खदान।