- Hindi News
- National
- Jashpur News Chhattisgarh News The Sight Of Chaitra The Fields Filled With Torrential Rain The Water Filled In The River
चैत्र में भादो सा नजारा, मूसलाधार बारिश से खेत, नदी में भरा पानी
बार-बार बेमौसम बारिश से ना तो ठंड से राहत मिल ही है और ना ही लोग अपनी दिनचर्या में किसी तरह का बदलाव कर पा रहे हैं। बुधवार और गुरुवार को शहर में तीन से चार घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। तेज बारिश से चैत्र के माह में बरसात जैसी स्थिति बन गई है। खेल-खलिहानों में पानी भर गए हैं। नदियों में बरसात की तरह की बाढ़ का मटमैला पानी उतर आया है। शहर के नाले भी बरसात की तरह बह रहे हैं।
होली के दिन मंगलवार को शहर में दोपहर तक मौसम साफ था। दोपहर 1 बजे के बाद घने काले बादल छा गए और शाम के वक्त बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। जिससे पर्व में लोगों का एक दूसरे के घर आना-जाना कम हुआ। बुधवार को सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक लगातार तेज बारिश हुई। मंगलवार व बुधवार की रात को भी करीब चार घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई थी। बुधवार को दोपहर बाद मौसम साफ हो गया पर गुरुवार की सुबह फिर से घने बादल छा गए। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तीन घंटे तक तेज मूसलाधार बारिश हुई। दो दिन में करीब साढ़े 11 घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद बरसात जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। जहां सड़कें कच्ची हैं वहां कीचड़ है। खेल मैदान में पानी भर गया है। कुएं व तालाबों का जलस्तर सुधर गया है। जाम नालियों में पानी भरा हुआ है। इस बेमौसम बारिश की वजह से कई निर्माण कार्य रुके पड़े हैं। बार-बार हो रही बारिश के कारण लोग एक साथ कई मौसम का अनुभव कर रहे हैं। बरसात के कारण कीचड़ व पानी भरे होने से लोगों को मौसम बरसात जैसा लग रहा है। बारिश की वजह से ठंड में कमी नहीं आई है और सुबह-शाम लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। दोपहर के वक्त मौसम खुलने के बाद गर्मी का एहसास भी लोगों को हो रहा है।
संबंधित खबर पेज 16 पर
आगे भी बारिश और बादल
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शनिवार तक शहर में रोज बारिश होगी। रविवार से बारिश का दौर थमेगा पर अगले पूरे सप्ताह तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। मार्च में 26 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। 14 व 15 मार्च को बारिश होगी। 16 मार्च को एक दिन की राहत मिलेगी और 17 से 19 मार्च तक फिर तेज बारिश होगी।
पहली बार मार्च में फुल स्वेटर, मफलर टोपी व रजाई- बुधवार और गुरूवार को बारिश के बाद दिन का तापमान 15 डिग्री पर रहा। सुबह के वक्त का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पर था। सुबह व शाम के वक्त पड़ रही ठंड के कारण लोग अभी भी गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। दिन में भी लोगों को स्वेटर पहनने पड़ रहे हैं। शाम के वक्त लोग मोटे गर्म कपड़े और सिर में मफलर व टोपी लगाए हुए नजर आ रहे हैं। रात में सोते वक्त अभी भी कंबल व रजाई ओढ़ना पड़ रहा है। हर साल मार्च में पंखे व कूलर चलने शुरू हो जाते थे। पर यह पहली बार हो रहा है जब मार्च के महीने में लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही हो।
खांसी व बुखार की बढ़ी समस्या
इस मौसम का लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। लोग तेजी से जुकाम खांसी व बुखार के शिकार हाे रहे हैं। डॉक्टरों ने इस बार-बार बदलते मौसम में खुद को मौसम के अनुरूप बार-बार ढालने की सलाह दी है। जिला अस्पताल के डॉ. डीके अग्रवाल ने कहा कि खुद को मौसम के अनुरूप ढलकर ही हम बीमारी से बचे रह सकते हैं। बारिश के कारण यदि तापमान गिर जाए तो गर्म पकड़े निकाल लें। दोपहर में गर्मी लगे तो गर्म कपड़े उतार दें। यदि बाहर जा रहे हों तो फिलहाल महीना ना देंखें, गर्म कपड़े अपने साथ रखें। इस बारिश से ना भीगें। सेहतमंद बने रहने के लिए ताजे व गर्म भोजन का प्रयोग करें। फल व हरी सब्जियों की मात्रा भोजन में बढ़ा दें। कोल्ड ड्रिंक व आइसक्रीम जैसे ठंडे पेय का उपयोग फिलहाल ना करें।
बारिश
बारिश के बाद खेतों में बरसात की तरह भरा पानी।