- Hindi News
- National
- Kanker News Chhattisgarh News Here Anganwadi Workers Said Respect Is Not Being Exploited
इधर आंगनबाड़ी कर्मी बोलीं- सम्मान नहीं शोषण हो रहा है
एक ओर जहां महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे वहीं दूसरी ओर जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने जिला स्तर पर शांति पूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्टोरेट रोड में जमा कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने कहा कि हमारा सम्मान नहीं शोषण हो रहा है। उन्हें उनका हक नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उन्हें कार्यकर्ता कहने के बजाए शिक्षिका का नाम देने की मांग की क्योंकि वे ही छोटे बच्चों की देखरेख कर उन्हें पढऩा शुरू करती हैं।
यहां जमा हुई कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनके विभाग में कई योजनाओं के लिए बजट दिया जा रहा है लेकिन उन्हें संचालित करने वाले कार्यकर्ता व सहायिकाओं के लिए कुछ भी नहीं है। अब तक उन्हें बढ़ा हुआ वेतन नहीं मिला है। कार्यकर्ताओं से सिर्फ काम करा उनका शोषण किया जाता है। योजनाओं का लाभ नहीं दिया जाता है। प्रधानमंंत्री द्वारा घोषित मानदेय वृद्धि अक्टूबर 2018 से लागू करना है लेकिन आज तक वह वेतन नहीं मिला है। श्रम कानून के अनुसार न्यूनतम मजदूरी 18 हजार रूपए देना है जो भी नहीं दी जा रही है। ना ही स्कूल जैसे कार्यकर्ता व सहायिकाओं को गर्मी में एक माह का अवकाश दिया जा रहा है। उल्टे दूसरे विभागों का काम उन्हें देकर शोषण किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने इन सभी समस्याओं को देखते व मांग पूरी करने अब संभाग स्तर पर 13 मार्च को जगदलपुर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसमें जिले भर की कार्यकर्ता व सहायिकाएं भाग लेंगी। इस दिन आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेगा जिसकी सूचना विभाग को दे दी गई है। इस दौरान जिलाध्यक्ष जयश्री राजपूत के अलावा चारामा विकासखंड अध्यक्ष हेमलता नायक, कांकेर से कमलेश्वरी दुर्गे, अंतागढ़ से पीलाबाई उईके, नरहरपुर से किरण ठाकुर, मेहतरीन जैन, लक्ष्मी, विद्या समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व सहायिका उपस्थित थी।
विरोध प्रदर्शन करते कलेक्टोरेट मार्ग में बैठी आंगनबाड़ी की कार्यकर्ता व सहायिकाएं।