पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kanker News Chhattisgarh News Rain And Hailstorm In 15 Minutes Of Darkness The Trees Fell In Many Places The Highway Was Jammed For 45 Minutes

15 मिनट के अंधड़ में बारिश और ओले...कई जगह गिरे पेेड़, 45 मिनट जाम रहा हाईवे

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार दोपहर भी दोपहर तेज हवा चलने के साथ बारिश हुई। सुबह से मौसम साफ था लेकिन दोपहर 2.35 बजे अचानक आसमान में काले घने बादल छा गए। इसके साथ ही 15 किमी प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने लगीं जबकि हवाओं की सामान्य गति 4 से 5 किमी प्रति घंटा होती है। बड़ी बड़ी बूंदों वाली बारिश होने लगी तथा ओले भी बरसे लेकिन 15 मिनट में ही सबकुछ सामान्य हो गया।

बादल छट गए, हवा सामान्य हो गई, बारिश बंद हो गई तथा धूप भी निकल आई। लेकिन इन 15 मिनट ने शहर में जमकर कहर ढ़ाया। फसलों को तो नुकसान हुआ ही जगह जगह पेड़ गिरने से सडक़ बंद हो गई तथा बिजली गुल हो गई। नेशनल हाईवे में घड़ी चौक से माकड़ी तक 6 पेड़ गिरने से 45 मिनट तक हाईवे जाम रहा।

तेज हवा चलने से शहर के घड़ी चौक से लेकर माकड़ी तक नेशनल हाइवे पर 6 पेड़ गिर गए थे। घड़ी चौक तथा कालेज के पास गिरे पेड़ के किनारे से होकर वाहन आ जा रहे थे लेकिन गोविंदपुर में पेड़ सडक़ के बीचोबीच गिरने से ट्रेफिक जाम हो गया। सूचना मिलते ही तत्काल नेशनल हाइवे, लोक निर्माण विभाग तथा यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया। आवागमन शुरू कराने में 45 मिनट लग गए। इसके अलावा शहर के अलबेलापारा वार्ड में सडक़ पर दो पेड़ गिर गए। बबूल का पेड़ तालाब के सामने गिरा जिससे बिजली पोल के साथ तार भी टुटकर गिर गए। दूसरा पेड़ अलबेलापारा के अंतिम छोर में डडसेना छात्रावास के पास सडक़ पर गिरा जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ।

शहर के बीच कोठारी पेट्रोल पंप में भी पेड़ उखडक़र गिर गया। पंप के किनारे निर्माण कार्य के लिए गड्ढा खोदने से पेड़ उखड़ कर पेट्रोल पंप के छज्जा पर गिर गया। अन्नपूर्णापारा मुक्तिधाम के पास भी एक पेड़ गिरा। ऊपर नीचे मार्ग में छिंदपेड़ रास्ते में गिर गया।

तेज हवा के कारण होर्डिंग्स भी उखड़े

तेज हवा चलने व बारिश से शहर में जगह जगह लगाए होर्डिंग्स व शेड भी उखड़ गए। आरके सप्लायर्स का शारदा हाटल की छत पर लगा लगा शेड उखडक़र दूसरे की छत पर गिर गया। छत पर बिना अनुमति के बनाए गए इस तरह के शेड बेहद खतरनाक हंै। दूधनदी पुल के पास बड़ा होर्डिंग उखड़ गया। बिजली तार भी टूट गया।

खराब मौसम से होली का रंग हो सकता है फीका

पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के अलावा मौसम विभाग ने होली के दिन भी 1 मिमी बारिश की संभावना जताई है। खराब मौसम का असर होली त्योहार पर पड़ रहा है। रविवार को बाजार के दिन व्यापार होने की संभावना थी लेकिन मौसम खराब होने से बाजार ठंडा रहा।

चना और टमाटर की फसल को नुकसान

कांकेर कृषि सहायक संचालक सूरज पंसारी ने कहा कि तेज हवा चलने के साथ बारिश तथा ओले से रबि फसल खासकर चना व टमाटर फसल को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। चना फसल के फूल झड़ जाते हैं और टमाटर सड़ जाते है। टमाटर के कीमतों में गिरावट आएगी।

सामान्य से तीन गुना
तेजी से चली हवाएं


कृषि वैज्ञानिक बीरबल साहू ने कहा रविवार को सामान्य से तीन गुना अधिक गति से हवाएं चली। मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च को बारिश नहीं होगी लेकिन 10 मार्च को 1 मिमी जबकि 11 मार्च को 7 मिमी बारिश की संभावना है।

अगले तीन दिन का मौसम

दिनांक संभावित बारिश

9 मार्च 00 मिमी

10 मार्च 1 मिमी

11 मार्च 7 मिमी

स्त्रोत-ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, रायपुर

एनएच पर पेड़ गिरने से 45 मिनट लगा जाम।

अंधड़ के दौरान कोठारी पेट्रोल पंप पर गिरा पेड़।


दोपहर ढाई बजे तेज हवा के साथ हुई बारिश।
खबरें और भी हैं...