- Hindi News
- National
- Kanker News Chhattisgarh News Stop The Foreigners On Arrival The Yagna Is Stopped Somewhere And The Yagya Is Postponed Due To Fear
विदेशी मेहमानों के आने पर रोककोरोना रोकने कहीं यज्ञ तो कहीं डर से यज्ञ ही टला
कोरोना वायरस के चलते जिला प्रशासन ने अप्रैल के पहले सप्ताह तक जिले भर में धरना, प्रदर्शन व रैली पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। कारण कि जिले में कहीं भी भीड़ वाली स्थिति निर्मित नहीं होने देना है। जिले के पैलेस में काफी संख्या में विदेशी मेहमान आते हैं। कोरोना के चलते जिले में विदेशी मेहमानों के आगमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। स्वास्थ्य अमला शहर के होटल, रेस्टोरेंट, लॉज में दबिश देकर यहां रूकने वालों पर पूरी नजर
बनाए हुए है। खास बात यह है कि कहीं कोरोना को भगाने के लिए यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है तो कहीं इसके संक्रमण के डर से फिलहाल यज्ञ ही स्थगित कर दिया गया है। इधर मेट्रो शहरों से आने वाले रिश्तेदारों व मेहमानों को लेकर भी स्थानीय लोग सावधानी बरत रहे है।
जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर के 8 होटलों तथा लॉज में पिछले चार दिन से दबिश देकर जांच पड़ताल कर रही है। जानकारी ली जा रही है कि कोई विदेशी मेहमान शहर में आकर रूका है या फिर रूक कर गया तो नहीं है। साथ ही होटल व लाज संचालकों को विदेशी मेहमानों को अपने संस्थान में नहीं रूकवाने कहा गया है। यह भी कहा गया है कि यदि कोई विदेशी मेहमान पहुंचता है तो जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें।
पैलेस है िवदेशी पर्यटकों का गढ़
कांकेर पैलेस विदेशी पर्यटकों का गढ़ है। कोरोना को देखते हुए पैलेस में विदेशी मेेहमानों को यहां आने नहीं दिया जा रहा है। यहां विदेशी पर्यटकों डेरा बना रहता था लेकिन अभी पैलेस का कॉटेज सूना पड़ा है। 9 से 13 मार्च तक फ्रांस के पर्यटकों ने कांकेर पैलेस में कॉटेज बुक कराए थे, स्थगित कर दिए गए। अप्रैल में भी 6 विदेशी पर्यटकों ने कांकेर आने बुकिंग कराई थी जिसे रद्द की गई। मैनेजर आशीष दुबे ने कहा कि विदेशी मेहमानों के कांकेर आने पर रोक लगा दी गई है।
कोरोना भगाने अंतागढ़ में हुआ यज्ञ
अंतागढ़ में गायत्री परिवार ने कोरोना के संक्रमण से बचने मंदिर में पूजा अर्चना करते महायज्ञ का आयोजन किया गया। गायत्री परिवार ने भारत को कोरोना से मुक्ति दिलाने यज्ञ किया। दूसरी ओर कोरोना के खतरे को देखते कांकेर में गायत्री परिवार ने 16 से 19 मार्च तक होने वाले 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, प्राण प्रतिष्ठा, प्रज्ञा पुराण कथा कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। गायत्री परिवार ट्रस्टी अवधराम साहू ने बताया प्रशासन के आदेश को देखते हुए कार्यक्रम स्थगित किया गया है। कार्यक्रम की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
सवाल: बाहर से लौटने वालों की भी होगी जांच?
कांकेर शहर व जिले से कई लोगों का जत्था देश के मेट्रोसिटी घूमने फिरने गया है। वहां भी कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। एेसे में सवाल यह उठता है कि जो लोग बाहर गए हैं उनके लौटने पर क्या उनकी भी जांच की जाएगी, यह स्पष्ट नहीं हुआ है।
कॉलेज परीक्षाएं भी की गईं स्थगित
बस्तर विश्वविद्यालय कुलसचिव ने आदेश जारी कर 16 से 31 मार्च के बीच आयोजित होने वाली बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए तथा बीएससी गृह विज्ञान प्रथम व द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं स्थगित कर दी है। बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए तथा बीएससी गृहविज्ञान अंतिम की परीक्षाएं समय सारिणी अनुसार यथावत होंगी। स्थगित परीक्षाओं की समय सारिणी अलग से घोषित की जाएगी।
कर्मा जयंती समारोह का आयोजन टला
कांकेर जिला व तहसील साहू समाज भानुप्रतापपुर द्वारा 22 मार्च को बाबुदबेना में आयोजित होने वाला कर्मा जयंती समारोह कोरोना वायरस के चलते 31 मार्च तक स्थगित कर दिया गया है। समाज के जिला उपाध्यक्ष गोविंद साहू, भानुप्रतापपुर तहसील अध्यक्ष सेवक साहू ने कहा कर्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे, कोरोना से बचाव के लिए कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
5 अप्रैल तक धरना व रैली प्रतिबंधित
कलेक्टर केएल चौहान द्वारा जारी आदेश में लिखा है जिले में धरना, प्रदर्शन, रैली 5 अप्रैल तक के लिए प्रतिबंधित कर दी है। यदि कोई प्रदर्शन या रैली का आवेदन प्राप्त होता है तो अनुमति नहीं दी जाए।
रेन डांस, फाग गीत प्रतियोगिता भी रद्द
कांकेर में रंगपंचमी की धूम कोरोना के चलते इस बार नहीं रही। पुराने बस स्टेंड में रेन डांस तथा फाग गीत प्रतियोगिता प्रस्तावित थी जो कोरोना के चलते रद्द कर दी गई है। इसी तरह सभी बड़े आयोजन रद्द है।
अप्रैल में 6 विदेशी पर्यटकों ने कांकेर आने की कराई थी बुकिंग, स्थगित की गई
विदेशी पर्यटकों के गढ़ कांकेर पैलेस का कॉटेज पड़ा है वीरान।