पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kanker News Chhattisgarh News The Principal Asks For A Daroo Cock Threatening To Be Fired

नौकरी से निकालने की धमकी दे दारू-मुर्गा मांगते हैं प्राचार्य

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अंतागढ़ के एकलव्य विद्यालय के अतिथि शिक्षकों ने वहां का प्रभारी प्राचार्य पर मूर्गा, दारू, पैसों की मांग करने की शिकायत शुक्रवार को कलेक्टर से की है। शिकायत करने पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में जिला पंचायत उपाध्यक्ष हेमनारायण गजबल्ला के अलावा एनएसयूआई कार्यकता भी पहुंचे तथा प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

अतिथि शिक्षकों की शिकायत है कि प्राचार्य देवानंद गौतम उनसे पैसा, शराब व मांस मटन की व्यवस्था करने कहता है। व्यवस्था नहीं करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देता है। इससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। हर महीने उनसे पैसे की मांग की जा रही है। हर महीने खाने पीने के नाम से शराब मांस की व्यवस्था करने कहा जाता है। अतिथि शिक्षकों का कहना है शुरू में प्रभारी प्राचार्य की अनुचित मांगों को पूरी की, लेकिन अब उसका लालच बढ़ता जा रहा है। दारू मुर्गा नहीं देने पर अनुभव प्रमाण नहीं देने की भी बात कहते हैं।

भेदभाव किया जाता है : अतिथि शिक्षकों ने कहा कि संगीत शिक्षक को हर महीने में 3 से 4 दिन अवकाश रहने के बावजूद पूरा वेतन 18 हजार देते हैं क्योंकि वह प्रभारी प्राचार्य हर अनुचित मांग पूरी करता है। बाकी अतिथि शिक्षक रोज ड्यूटी करते हैं फिर भी अनुपस्थित बता वेतन काटने की धमकी देकर मूर्गा दारू की मांग की जाती है।

शिकायत पूरी तरह गलत : प्राचार्य देवानंद गौतम ने कहा उनके खिलाफ की गई शिकायत पूरी तरह से गलत है। मैने कभी किसी से दारू मूर्गा की मांग नहीं की है। मुझे गुणवत्ता सुधार के लिए धमतरी से अंतागढ़ एकलव्य विद्यालय भेजा गया है। अतिथि शिक्षक बेहतर ढ़ंग से काम नहीं कर रहे हैं। उन्हें पढ़ाने का ही वेतन मिलता है। काम नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं इसलिए वे झूठी शिकायत कर रहे हैं।

नई भर्ती करने की भी शिकायत


अतिथि शिक्षकों की शिकायत है वे जुलाई से नवंबर अवधि में नौकरी पर लगे हैं। इन्ही शिक्षकों की सेवा बढ़ाने के बजाय प्राचार्य द्वारा नई भर्ती की जा रही है। अतिथि शिक्षक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि प्राचार्य के लिए मूर्गा दारू की व्यवस्था नहीं करने पर नौकरी से निकालने धमकी दी जाती है। अतिथि शिक्षक दीपेश साहू ने कहा प्राचार्य द्वारा उनका मानसिक व आर्थिक शोषण किया जा रहा है। शिकायत करने ईश्वरलाल साहू, यमुना यादव, महेश्वर, प्रेमलाल सोनकर, रोहित देहारी, ओमप्रकाश जैन पहुंचे थे। शिकायत करने एनएसयूआई से जुड़े योगेश राजपूत, लोमेंद्र यादव, किशन साहू, अमित साहू पहुंचे थे।


दो अतिथि शिक्षकों की कर दी सेवा समाप्त

अंतागढ़ आवासीय एकलव्य विधालय में 14 अतिथि शिक्षक हैं जिसमे से दो अतिथि शिक्षकों क्राफ्ट शिक्षक रोहित देहारी तथा ग्रंथपाल थानेश्वरी साहू की सेवा समाप्त कर दी गई। रोहित देहारी का कहना है उनकी नौकरी जनवरी माह में लगी थी लेकिन प्राचार्य की अनुचित मांगों को उन्होंने पूरा नहीं किया तो हटा दिया।

शिकायत की कराई जाएगी जांच: आयुक्त

आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त विवेक दलेला ने कहा उन्होने स्वयं कई बार एकलव्य विद्यालय का निरीक्षण किया है लेकिन इसके पहले कभी किसी अतिथि शिक्षक ने शिकायत नहीं की थी। शिकायत की जांच कराई जाएगी तथा जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ये क्या हो रहा है...एकलव्य विद्यालय के अतिथि शिक्षकों ने की कलेक्टर से शिकायत

प्राचार्य के खिलाफ शिकायत करने कलेक्टोरेट पहुंचे अतिथि शिक्षक।
खबरें और भी हैं...