- Hindi News
- National
- Kanker News Chhattisgarh News The Second Day The Team Stopped The Marriage Of The Minor Remained In The Pavilion Overnight
दूसरे दिन भी टीम ने रोकी नाबालिग की शादी, रातभर मंडप में ही बैठी रही
पखांजूर इलाके में नाबालिग लड़कियों की शादी करने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। बाल संरक्षण व चाईल्ड हेल्प लाईन की टीम दो दिन में दो नाबालिग लड़की की शादी रूकवा चुकी है। गुरूवार के बाद शुक्रवार को भी एक नाबलिग की शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी। बारात आने से पहले टीम वहां टीम पहुंच गई। समझाइश के बाद भी नाबालिग के परिजन शादी करने पर अड़े रहे। उनका रवैया देख टीम पूरी रातभर मंडप में ही तैनात रही ताकि लड़की की शादी ना हो जाए। इधर टीम के आने की जानकारी वर पक्ष को भी मिली। कार्रवाई के डर के चलते बारात शादी के तय समय तक पंडाल में पहुंची ही नहीं। इसके बाद लडक़ी पक्ष वालों ने चार माह के लिए शादी टाल दी। बता दें कि इसके एक दिन पहले 12 मार्च को पीवी 16 में इसी तरह 16 साल की नाबालिग लड़की की शादी की जा रही थी जिसे भी टीम ने मौके पर पहुंच रूकवाया था।
पखांजूर इलाके के गांव पीवी 55 की एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की 13 मार्च की शाम शादी तय की गई थी। बारात पखांजूर इलाके के ही पीवी 31 से आने वाले थी। फेरे के पहले ही दिन में इसकी सूचना जिला बाल संरक्षण को एक मुखबिर ने दी। बताया गया कि कालीमंदिर के पास नाबलिग की शादी हो रही है। सूचना पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से इसकी पुष्टि कराई गई। वहां टीम भेजी गई। पूछताछ में बालिका के परिजन दावा करते रहे कि वह 18 साल की हो चुकी है। जांच पड़ताल करते दाखिल खारिज लाया गया तो उसके आधार पर दुल्हन की उम्र 17 साल 8 माह पाया गया। टीम ने वधु पक्ष को अभी शादी नहीं करने समझाया। पहले तो वे इसके लिए राजी नहीं हो रहे थे। बाद में परिजनों से सलाह मशवरा कर राजी हुए। उनकी बातों से एेसा लग रहा था वे टीम के जाने के बाद बालिका की शादी करवा देंगे। इसे देखते टीम रात भर वहां तैनात रही।
टीम को नहीं मिली पुलिस की मदद
सूचना मिलने के बाद पखांजूर से जाने वाली टीम ने अधिकारी से पुलिस संरक्षण मांगा था। पखांजूर थाना प्रभारी को फोन लगाया गया। सरकारी नंबर में काल जाने के बाद भी नहीं उठाया गया। निजी नंबर पर जब कॉल किया गया तो बाहर होना बताया। पुलिस का कोई साथ नहीं मिलने के बावजूद टीम खतरा मोल लेते हुए शादी रूकवाने पीवी 55 पहुंची।
कुछ और नाबालिगों की शादी की आशंका
वर्तमान में पखांजूर में बंग समाज में शादी का सीजन चल रहा है। बंग समाज चैत्र नवरात्र के पहले तक शादियां आयोजित करता है। शादी का सीजन होने के कारण पखांजूर इलाके में बड़ी संख्या में शादियां आयोजित हो रही है। कुछ नाबालिग की भी शादियां आयोजित होने की आशंका है। इसे देखते बाल संरक्षण टीम लगातार मुखबिरों से शादियों की जानकारी जुटा रही है।
ऐसा मामला पता चले तो तत्काल दें सूचना
जिला बाल संरक्षण अधिकारी रीना लारिया ने बताया कि 13 मार्च को काली मंदिर पारा में बाल विवाह की सूचना मिली थी। कार्रवाई करते शादी रूकवाई गई। यदि किसी को बाल विवाह की जानकारी मिलती है तो तत्काल सूचना दें। सूचना गांव के सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के अलावा तहसीलदार, एसडीएम, पुलिस को भी दे सकते हैं।
पंखाजूर इलाके में नाबालिगों की शादी का सिलसिला जारी, बाल विकास विभाग दे रहा लगातार दबिश
कांकेर। पीवी 55 में नाबालिग बालिका की शादी रूकवाती टीम।