- Hindi News
- National
- Kanker News Chhattisgarh News Theft By Installing Tullu Pump Water Does Not Reach Public Drains And Houses
टुल्लू पंप लगाकर चोरी, सार्वजनिक नलों और घरों में नहीं पहुंचता पानी
गर्मी के दस्तक देते ही शहर में पानी की समस्या बढ़ने लगी है। शहर में नगर पालिका की पाइप लाइन से प्राय: वार्डों में टुल्लु पंप से पानी चोरी के चलते समस्या और गंभीर हो गई है। शिकायत के बावजूद पालिका टुल्लू पंप से पानी चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। इधर टुल्लू पंप से पानी चोरी करने वालों का तर्क है ऊपरी भाग में गर्मी शुरू होने के साथ नल से काफी कम पानी आता है जिसके कारण टुल्लू पंप से पानी खींचना मजबूरी हो जाती है।
शहर के शांतिनगर में टुल्लू पंप से पानी चोरी की सर्वाधिक शिकायत है। यहां लगभग 20 घरों में टुल्लू पंप से पानी खींचा जा रहा है जिससे बड़ी संख्या में वार्ड के लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। कंकालिन पारा में 15 घरों में टुल्लू पंप का उपयोग हो रहा है। वार्ड के बहुत से लोग अपनी छत की टंकियों को टुल्लू पंप से पानी खींच कर भरते हैं। वार्डवासियों का कहना है टुल्लू पंप का उपयोग बंद होना चाहिए। शहर के श्रीरामनगर वार्ड में 30 घरों में टुल्लू पंप का उपयोग हो रहा है। वार्ड में पानी भरपूर है लेकिन टुल्लू पंप से पानी खींचने से पानी सप्लाई व्यवस्था वार्ड में गड़बड़ हो जाती है। वार्ड के सत्यनारायण सारथी, सज्जाद, जाकिर ने कहा ऊपरी भाग में अभी भी नल में पानी चढ़ नहीं पाता है, काफी कम पानी मिलता है, इस कारण टुल्लू पंप का उपयोग करते हैं। शिवनगर में 20 घरों में टुल्लू पंप का उपयोग किए जाने की शिकायत है। टुल्लू पंप का उपयोग करने वालों का कहना है ऊपरी भाग में पानी ही नहीं चढ़ता है जिसके चलते टुल्लू पंप का उपयोग करना मजबूरी है। मांझापारा वार्ड में भी कई घरों में टुल्लू पंप का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा जवाहर वार्ड, शीतलापारा वार्ड, अन्नपूर्णापारा वार्ड, माहुरबंदपारा वार्ड में भी टुल्लु पंप से पानी चोरी करने की शिकायत है।
गर्मी के दिन में और ज्यादा होगी समस्या
अभी तो टुल्लू पंप से पानी चोरी कम मात्रा में हो रही है लेकिन जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी तथा पानी की जरूरत बढ़ेगी टुल्लू पंप से पानी चोरी की शिकायतें भी बढ़ेंगी। जब टुल्लू पंप का उपयोग बढ़ जाता है तब दूसरे घरों में और सार्वजानिक नल में पानी आना बंद हो जाता है।
सीएमओ बोले- टीम भेज की जाएगी कार्रवाई
सीएमओ सौरभ तिवारी ने कहा कि जहां से भी टुल्लू पंप से पानी खींचने की शिकायत मिलेगी वहां पालिका की टीम भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी। जल्द ही एक टीम पूरे शहर में सर्वे कर पता लगाएगी कि कहां टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचा जा रहा है।
टुल्लू पंप लगाकर इस तरह किया जाता है पाइपलाइन से पानी चोरी।