- Hindi News
- National
- Kanker News Chhattisgarh News Tilak Done With The Ashes Of Holika Then Herbal Gulal Started Flying
होलिका की राख से किया तिलक, फिर उड़ने लगे हर्बल गुलाल
शहर में रंगपंचमी पर्व पर कांकेर पैलेस में सबसे पहले होलिका दहन की राख एक दूसरे को लगाई गई। इसके बाद हर्बल गुलाल से सूखी होली खेली गई। रंगपंचमी पर शहर में नगाड़ों की थाप सुनाई देती रही। चौक चौराहों में लोग नगाड़ों की धुन पर फाग गीत गाकर नृत्य करते रहे। रंगपंचमी पर रास्ता रोकने की परंपरा भी जारी रही।
शहर में रंगपंचमी पर्व रास्ता रोकने की परंपरा है। बच्चों ने जगह जगह रास्ता रोका तथा आने जाने वालों को गुलाल लगाया। आने जाने वालों ने भी परंपरा का निर्वहन करते बच्चों को पैसे भेंट किए। कांकेर पैलेस में रंगपंचमी पर लोग बड़ी संख्या में पहुंचे तथा राजपरिवार को गुलाल लगाकर रंगपंचमी की बधाई दी। पैलेस में सबसे पहले होलिका दहन की राख एक दूसरे को लगाई गई। पैलेस में रंगपंचमी मनाने पहुंचे रायपुर से प्रकाश वैष्णव, महासमुंद से खेमराज बघेल, रविकुमार दास ने कहा पैलेस में रंगपंचमी मनाना काफी अच्छा लगता है।
राजपरिवार के सूर्यप्रताप देव ने कहा कि पैलेस में केमिकल रंग का उपयोग नहीं किया जाता यहां सिर्फ हर्बल गुलाल का उपयोग किया जाता है। जवाहर वार्ड में युवाओं की टोली नगाड़ों के साथ निकली तथा घर घर जाकर फाग गीत सुनाकर पर्व की बधाई दी।
सूखी होली खेलकर पानी भी बचाया
राजापारा वार्ड के पुलिस कालोनी में रंगपचंमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। सभी ने पानी की बचत करते सूखी होली खेली। वार्ड के महिला पुरूष बड़ी संख्या में शामिल हुए तथा एक दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। कार्यक्रम में अजय मोटवानी, धर्मेंद्र देव, बिजु पटेल, रामभरोस पटले,श्रद्घेश चौहान, कर्ण नेताम, राजेश चौरसिया, सपना डे, शचि प्रधान, सुरेखा नागवंशी, मंजुलता साहू, भुनेश्वरी बिसेन, सोनिया पटेल, सुखबती पटेल, विभा पटेल, चंदन यादव, कल्लु गुप्ता ने भाग लिया।
तालाब में गोताखोरों की ड्यूटी लगाई गई
रंगपंचमी पर रंग खेलने के बाद लोग नहाने तालाब पहुंचते हैं। इसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर शहर के डडिया तालाब, शीतला तालाब, अलबेलापारा तालाब, कंकालिन तालाब में दो-दो गोताखारों की ड्यूटी लगाई गई थी। साथ ही पुलिस बल भी तैनात किया गया था। पर्व के चलते शहर लगभग बंद रहा।
कांकेर। पैलेस में रंगपंचमी पर्व पर फाग गीत गाती मंडली।