- Hindi News
- National
- Kanker News Chhattisgarh News While Always Patrolling The Police There Was Theft Of Two Lakh Clothes By Cutting The Shutter Swivel
जहां हमेशा पुलिस की गश्त, वहीं शटर का कुंदा काटकर दो लाख के कपड़ों की चोरी
शहर में चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों ने शनिवार रात नेशनल हाईवे स्थित कपड़ा दुकान को निशाना बनाकर वहां से दो लाख के कपड़े पार कर दिए। जहां चोरी हुई वह दुकान थाना से मात्र 300 मीटर की दूरी पर है। मस्जिद के पास रात में भी पुलिस गश्त करती रहती है, इसके बावजूद पुलिस को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
मस्जिद के पास नगर पालिका काम्पलेक्स स्थित नॉवेल्टी ड्रेसेस में शनिवार रात शटर का कुंदा काट कर चोरी हो गई। सुबह जब व्यापारी अबरार अहमद दुकान पहुंचा तो उसे दुकान का एक शटर कुछ उठा दिखा। जांच पड़ताल की तो शटर के दोनों कुंदे कटे हुए थे लेकिन उसमें ताला लगा था। चोरों ने ताला लगाने वाले कुंदे को काट कर शटर उठा चोरी की थी। अंदर पूरे कपड़े बिखरे हुए थे। गल्ला आदि भी खुला था। दुकान से जींस, टीर्शट, साड़ी, अंडर गॉरमेंट समेत कई कपड़े गायब थे। एक कंबल भी वहां से गायब था। आशंका है चोर उसी कंबल में कपड़ों को लपेट कर ले गया। पुलिस ने मौके की जांच पड़ताल शुरू की लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
शनिवार को डेढ़ लाख की बाइक पार
मस्जिद के पास रात में जहां चोरी हुई वहीं पास ही में भारत पशु आहार विक्रय केंद्र के बाहर खड़ी बाइक शनिवार 7 मार्च को चोरी कर ली गई। बाइक केंद्र में काम करने वाले युवक शुभम कुमार निवासी बेवरती की है। युवक के अनुसार उसने नई बाइक खरीदी थी जिसकी कीमत डेढ़ लाख रूपए है। घटनास्थल में काफी चहल पहल रहती है। इसके बावजूद वहां से चोरी होने को लेकर आशंका जताई जा रही है कि चोर नई व महंगी बाइक होने के कारण उस पर नजर रखे हुए होंगे। मौका मिलते ही वहां से पार कर दिया होगा।
यहां तीन दुकानों के टूट चुके हैं ताले
मस्जिद के पास स्थित नगर पालिका का यह काम्पलेक्स असामाजिक तत्वों व गंजेडिय़ों का अड्डा बना हुआ है। रात में काम्पलेक्स की छत पर ये लोग बैठ नशा करते हैं। चोरी को लेकर इन पर शक है क्योंकि इसी काम्पलेक्स स्थित सेलून में दो साल पहले इसी तरह ताला तोडकर नगदी एक लाख रुपए चोरी की गई थी। तीन माह पहले भी इसी काम्पलेक्स स्थित सिंध हार्डवेयर का ताला तोड़ नगदी व सामान चोरी हुए थे। चोर की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में भी आई थी लेकिन नकाबपोश होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई।
शहर की दुकानों में चोरी करने वाले चोर के अलावा बाइक चोर गिरोह भी सक्रिय हैं। पिछले दो महीने में शहर से 8 बाइकें पार हो चुकी हैं। चोरी गई बाइकों की कीमत पांच लाख रूपए से अधिक है। गिरोह रात में घर के बाहर खड़ी बाइक को निशाना बनाने के साथ कलेक्टोरेट व अस्पताल में खड़ी बाइक को दिन में ही चोरी कर रहे हैं।
वे मामले जिनसे पुलिस पर उठ रहे सवाल
2 जनवरी
ठेलकाबोड़ में विष्णु प्रसाद सोनी के सूने मकान का ताला तोड़ 1.66 लाख की चोरी
4 जनवरी
एकतानगर ठेलकाबोड़ में कमलेश भदौरिया के सूने मकान का ताला तोड़ 50 हजार की चेारी।
1 मार्च
सेन चौक अाकाश पटेल के डेलीनीड्स दुकान का ताला तोड़ 30 हजार की चोरी।
7 मार्च
मस्जिद चौक नगर पालिका कॉम्प्लेक्स की कपड़ा दुकान
का ताला तोड़ दो लाख की
चोरी की गई।
दो माह में शहर से 8 बाइक पार
चोर का सुराग मिला है जल्द होगा खुलासा
टीआई नरेश दीवान ने बताया शहर में चोरी रोकने गश्त बढ़ाई जाएगी। चोर का सुराग मिला है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा हो जाएगा। चोर पकड़े जाएंगे।
थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर ही है घटना स्थल
कपड़ा दुकान में शटर का कुंदा काट की गई चोरी। चोरों ने दुकान के अंदर बिखेर दिया पूरा सामान।