- Hindi News
- National
- Kawardha News Chhattisgarh News After 25 The Answer Book For The Board Examination Will Be Out In May
25 के बाद जंचेगी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिका, मई में आएंगे नतीजे
माशिमं के कक्षा 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा इस माह खत्म हो जाएगी। इसके बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रदेश के विभिन्न शहरों में किया जाएगा, लेकिन इस बार मूल्यांकन कार्य लेट से शुरू हो रहा है। ऐसे में परीक्षा परिणाम भी देर से जारी होगा। माशिमं ने शहर के आदर्श कन्या हायर सेकंडरी स्कूल को मूल्यांकन केन्द्र बनाया है।
केन्द्र प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि इस बार 25 मार्च के बाद से उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए करीब 350 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वर्तमान में माशिमं की ओर से उत्तरपुस्तिका नहीं भेजा गई है। उन्होंने बताया कि 16 मार्च को जिले के सभी हाई व हायर सेकंडरी स्कूल के बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिका माशिमं के समन्वय केन्द्र करपात्री स्कूल से माशिमं कार्यालय भेजी जाएगी। इसके बाद 20 तारीख तक दूसरे जिले की उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन केन्द्र पहुंचेगी। यह पूरी प्रक्रिया गोपनीय रहती है।
176 मूल्यांकनकर्ता शिक्षक पर बैन लगाया
माशिमं द्वारा जारी आदेश के मुताबिक पूरे राज्य के 176 शिक्षकों को तीन साल के लिए मूल्यांकन कार्य से बैन कर दिया है। इस सूची में कबीरधाम के भी तीन शिक्षक के नाम हैं। इनमें कक्षा 10वीं के गणित विषय का गलत मूल्यांकन करने पर बोड़ला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मड़मड़ा हायर सेकंडरी स्कूल शिक्षक विभीषण राम वर्मा, संस्कृत विषय का गलत मूल्यांकन करने वाले चन्द्रपाल सिंह साहू हायर सेकंडरी स्कूल खोलवा सहसपुर लोहारा को तीन साल के लिए मूल्यांकन कार्य से बैन किया गया है। ग्राम नेवारी हायर सेकंडरी स्कूल के शिक्षक सुरेश डहिरे को गणित विषय का गलत मूल्यांकन करने पर तीन साल के लिए बैन के साथ वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव रोके जाने राज्य सरकार को माशिमं ने अनुशंसा की है।
उत्तरपुस्तिका का पहला पेज ढंका होगा
माशिमं ने उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन को लेकर बदलाव किया है। उत्तरपुस्तिका के पहले पेज को विशेष रेफर से ढंका गया है। परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षा केन्द्र में ही रेपर को पहले पेज में लगाया जाता है। इस रेपर को कोई खोल भी नहीं सकता है। ऐसे में उत्तरपुस्तिका किस जिले व कौन से स्कूल से आया है, मूल्यांकनकर्ता शिक्षकों को जानकारी नहीं मिल पाएगी। इस पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
एक लाख से अधिक काॅपियों की होगी जांच
पिछले साल शहर के केन्द्र में 15 अप्रैल से पहले से ही कक्षा 10वीं व 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया था। तब माशिमं ने इस केन्द्र को 1 लाख 20 हजार कॉपी भेजी थी। इस बार भी एक लाख से अधिक कॉपी आने की संभावना है। यहां एक मूल्यांकनकर्ता शिक्षकों को एक दिन में केवल 40 कॉपी ही दी जाती है। इन्हें 10वीं के लिए 9 व 12वीं के लिए 10 रुपए के हिसाब से पिछले साल राशि भुगतान किया।
सबसे पहले कक्षा 12 वीं का परिणाम जारी होगा
इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पहले कराया जा रहा है। मूल्यांकन केन्द्र से प्राप्त जानकारी अनुसार पहले चरण अंतर्गत 26 मार्च से 7 अप्रैल तक कक्षा 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसके बाद दूसरे चरण में कक्षा 10वीं की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच 7 अप्रैल से 20 अप्रैल के मध्य होगी। ऐसे कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम मई के पहले हफ्ते में जारी होने की संभावना है। इसके बाद कक्षा 10वीं के परिणाम जारी किए जाएंगे। माशिमं ने पूरे प्रदेश के मूल्यांकन केन्द्र के लिए एक ही शेड्यूल जारी किया है।
तैयारी:10 वीं व 12 वीं की परीक्षा जारी
शनिवार को कक्षा 10वीं अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई।