- Hindi News
- National
- Kawardha News Chhattisgarh News Buy By Looking At The Quality Of The Product Rather Than The Quality
उत्पाद की बनावट के बजाय उसकी गुणवत्ता को देखकर करें खरीददारी
नगर के सर्किट हाउस में शुक्रवार को उपभोक्ता जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कलेक्टर अवनीश शरण थे। अध्यक्षता नवीन श्रीवास्तव ने की। मुख्यवक्ता भारतीय मानक ब्यूरो गोपीनाथ निदेशक थे। विशिष्ट अतिथि के रुप में एसपी डॉ.लाल उमेंद सिंह, बृजेन्द्र कुमार शास्त्री अध्यक्ष जिला उपभोक्ता फोरम कवर्धा, डॉ.सुरेश तिवारी सीएमएचओ, धर्मराज ताम्रकार वरिष्ठ समाज सेवी के आतिथ्य में हुआ। कार्यशाला में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता गोपीनाथ ने कहा कि उपभोक्ता को उत्पाद की बनावट की बजाय उसकी गुणवत्ता पर ध्यान देते हुए खरीददारी करनी चाहिए। उपभोक्ता को खरीददारी के दौरान सरकार द्वारा स्थापित मानकों का ध्यान रखना चाहिए ताकि उनके अधिकारों का हनन न हो। खाद्य पदार्थो में मिलावट एक घोर अपराध है, और इस तरह के उत्पादों पर कड़ी नजर रखी जानी चाहिए। मिलावटी खाद्य पदार्थों से कई बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति और अधिक जागरूक होना चाहिए। उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए फेडरेशन द्वारा जगह - जगह कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को सजग होने की जरूरत है। ताकि उनको कोई नुकसान न हो।
आईएसआई मार्क देखकर ही खरीदे सामान: इस दौरान गोपीनाथ ने कहा कि सामान आईएसआई मार्क देखकर ही खरीदें। सही सामानों की पहचान करना सीखें। असली होलमार्क उपभोक्ताओं के अधिकारों के संरक्षण और उन्हें जागरूक करने के लिए देश भर में कई प्रयास किए जा रहे हैं। किसी भी तरह की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञापन के माध्यम से बड़ी कंपनियां भी उपभोक्ताओं को गुमराह करती है। उपभोक्ता जागरूकता उन्हें निर्माताओं और विक्रेताओं द्वारा शोषण से बचाने का एक माध्यम है। उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले झूठे विज्ञापनों से बचना चाहिए। प्रचारित की गई वस्तुएं गुणवत्ता की नहीं होती है, और उनका मूल्य अधिक लिया जाता है। कई बार एकाधिकारिता का लाभ उठाकर अधिक मूल्य लिया जाता है। इसीलिए उपभोक्ताओं को जागने एवं स्वयं को संरक्षित करने की आवश्यकता हैं। कार्यशाला में भाग लेने वाले लोगों को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया
टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत: बृजेन्द्र कुमार शास्त्री अध्यक्ष जिला उपभोक्ता फोरम ने कहा कि उपभोक्ताओं की सहायता व शिकायत के लिए नगर के लोहारा नाका के पास उपभोक्ता सूचना केंद्र खोला गया है। उपभोक्ता मिलावट या कोई भी शिकायत टोल फ्री नंबर 1800114000 में भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस अवसर पर समाजसेवी धर्मराज ताम्रकार, चंद्रचूर्ण मणि बहादुर सिंह, सीपीईएफ छग के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश पांडेय, राजकुमार तिवारी, मुकुंद माधव मौजूद रहे।
कवर्धा. लोगों को जानकारी देते उपभोक्ता फोरम के अधिकारी।